
NNH रायपुर/ रायपुर लोकसभा के सांसद और छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को चिठ्ठी लिखी है। उन्होंने पत्र में रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ शासन के सबसे बड़े अस्पताल मेकाहारा की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि रायपुर के मेकाहारा में बायपास सर्जरी और ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। उसके बाद भी पीड़ा के साथ कहना पड़ रहा है कि हृदय रोग सर्जरी का फायदा गरीब जनता को नही मिल पा रहा है, और प्रदेश की गरीब जनता निजी अस्पतालों की लूट का शिकार होने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि मेकाहारा में ओपन हार्ट सर्जरी, और बायपास सर्जरी पूरी तरह से बंद है। स्वशासी परिषद की बैठक एवं अन्य अवसरों पर मैंने जन प्रतिनिधियों ने इस विषय ध्यान आकृष्ठ कराया है। किंतु प्रशासन के उपेक्षा पूर्ण व्यवहार के कारण सर्जरी वर्तमान में भी बंद है। मरीजों को दी जा रही तारीख पे तारीख और झूठे आश्वासन से इलाज के अभाव में मरीज असमय दम तोड़ रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने सीएम साय से आग्रह किया है कि अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर तत्काल निर्देश दिया जाए जिससे मेकाहारा एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में प्रदेश की गरीब जनता को हृदय रोग सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो सके।
गौरतलब है कि बृजमोहन अग्रवाल समय समय पर जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। उन्होंने रायपुर एम्स में मरीजों को इलाज के लिए बेड उपलब्ध नही कराने को लेकर भी लोकसभा में ध्यान आकृष्ट कराया था।






