चाचा विधायक हैं हमारे: जब एक युवक ने असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को दी धमकी

NNH अंबिकापुर/ तीन दिन पहले अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर बुधवार की दोपहर वाहनों की जांच चल रही थी, इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात एक एएसआई से गाली-गलौज और बस्तर में ट्रांसफर करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अब एएसआई की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दरअसल एएसआई ने उस व्यक्ति की पिकअप के दस्तावेज मांगे थे, जो स्वयं को विधायक का भतीजा बता रहा था, वह युवक भड़क गया और पहले फोन से और बाद में मौके पर भी पहुंचकर एएसआई को धमकी दी।
एक तरफ छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर में शांति बहाल करने के लिए नई नई योजनाएं और पुनर्वास पैकेज घोषित कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से भाजपा में प्रवेश कर 2023 का विधानसभा चुनाव लड़कर सरगुजा के विधायक बने राजेश अग्रवाल के कथित भतीजे ने किसी वेब सीरीज़ की तरह “चाचा विधायक हैं” हमारे जैसा डायलॉग देकर ऑन ड्यूटी एएसआई को बस्तर ट्रांसफर कराने की धमकी दे रहा है। विधायक के कथित भतीजे ने ड्यूटी पर तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को धमकी देकर सरकार के सुशासन पर सोचने के लिए आम जनता को मजबूर कर दिया है।
क्या है पूरा मामला विस्तार से पढ़ें
अंबिकापुर यातायात विभाग में पदस्थ एएसआई हिजनुस कुजूर 61 वर्ष ने लखनपुर निवासी राकेश अग्रवाल के खिलाफ ड्यूटी के दौरान गाली देने और बस्तर ट्रांसफर कराने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया है कि 30 अप्रैल की दोपहर वह अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर ग्राम रजपुरी के पास वाहनों की जांच कर रहा था। इस दौरान उसने लखनपुर की ओर से आ रही बिना नंबर के पिकअप वाहन को रुकवाया, और ड्राइवर से जब वाहन के दस्तावेज मांगे तब ड्राइवर ने नहीं होने की बात कही। जब उससे पिकअप के नंबर के संबंध में पूछा गया तो उसने सीजी 15 एसी 1127 बताया। मौके पर जब चालान मशीन में उक्त नंबर डालकर जांच की गई तो पिकअप का फिटनेस और प्रदूषण फेल होना और पिछला चालान पेंडिंग शो कर रहा था, जिसके बाद चालानी कार्रवाई के दौरान ड्राइवर ने पिकअप मालिक लखनपुर निवासी राकेश अग्रवाल से मोबाइल पर बात कराई, उसपर एएसआई ने बताया कि फोन पर राकेश अग्रवाल ने उससे कहा कि मेरे पिकअप का चालान नहीं काटना, जानते हो मैं कौन हूं, मैं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल का भतीजा हूं, गुंडागर्दी करोगे तो बस्तर में ट्रांसफर करवा दूंगा, लखनपुर थाने में मेरे खिलाफ और भी रिपोर्ट हैं, देखता हूं मेरा क्या कर लोगे। इसके बाद फोन कट कर दिया।
एएसआई ने जानकारी दी कि दोपहर करीब 12.15 बजे राकेश अग्रवाल कार से वाहन चेकिंग स्थल पर भी पहुंच गया और कहा कि मेरी गाड़ी का जितना फाइन करना है कर लो, फिर मैं बताता हूं कि मैं कौन हूं। जिसके बाद थाना प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर मांगते हुए कहा कि लगता है जशपुर से आए हो, एएसआई के हां कहने पर उसने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बताने की धमकी दी, और फिर मां बहन की गाली देते हुए वहां से चला गया।
इस मामले में एएसआई की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने आरोपी (Threat to ASI) राकेश अग्रवाल के खिलाफ धारा 296, 351 (2), 221, 224 BNS और MV एक्ट की धारा 179(1) एवं 3-1(r), 3-1(s) तथा ST/SC एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।







