सरकारी कार्यालय में दिवाली पर मिठाई के डिब्बे की जगह शराब बांटने का आरोप, वीडियो वायरल

जिला मुख्यालय कांकेर स्थित विद्युत वितरण संभाग, कार्यपालन अभियंता कार्यालय में आरोप है कि दिवाली उपहार के नाम पर कार्यालयीन समय में कर्मचारियों को मिठाई की जगह अंग्रेजी शराब की बोतलें दी जा रही थीं। जहां शिकायतकर्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष लोमेंद्र यादव ने सूचना पर दफ्तर पहुंचकर वीडियो बनाया है।
वीडियो में एक ही तरह के पीले थैलों में ब्लेंडर प्राइड की बोतलें दिखाई दे रही है। जो कर्मचारियों की टेबल के ऊपर और नीचे बोतलें रखी हुई थीं। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी भी उस समय दफ्तर में मौजूद थीं

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम दफ्तर पहुंची और मौके से शराब की बोतलें जब्त की है। मिली जानकारी के मुताबिक तीन बोतलें बरामद होने की बात सामने आई है। कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो को पूछताछ के लिए पुलिस वाहन से कोतवाली थाना ले जाया गया। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।
कार्यपालन अभियंता किंडो ने कहा है कि उन्हें नहीं पता था कि बोतलें दफ्तर में कहां से आईं, और किसने रखीं है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है। उनका यह भी कहना है कि घटना के समय वे मुख्य कार्यालय में नहीं, प्रोजेक्ट कार्यालय में थे। फोन पर उन्हें 3 बोतलें मिलने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने पुलिस पर थाने ले जाते समय मोबाइल रख लेने और अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों का आवेदन ले लिया है, और जांच कर रही है। अभी यह साफ नहीं है कि बोतलें सच में दिवाली गिफ्ट के तौर पर बांटी जा रही थीं, ठेकेदार ने भेजी थीं, या किसी और वजह से दफ्तर में रखी थीं।
वहीं कांग्रेस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और विभागीय जांच की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी यही वीडियो तेजी वायरल हो रहा है, जिसमें दफ्तर के अंदर पीले थैले से ब्लेंडर प्राइड की बोतलें निकालकर टेबल पर रखते हुए दिखाया जा रहा है।










