फर्जीवाड़ा करने वाले भाजपा पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

NNH भिलाई/ सरकारी जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले भिलाई निगम नगर निगम के भाजपा पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भिलाई वैशाली नगर थाना के अंतर्गत शासकीय और अन्य भूमि पर कब्जा कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और रजिस्ट्री कराने वाले आरोपी पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी का नाम संतोष नाथ सिंह उर्फ जलंधर है, जो कि वर्तमान में भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 34 का भाजपा पार्षद है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के आरोप में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा जेल भेज दिया गया है।
प्रार्थी देवनाथ गुप्ता पिता स्व. राम कंवल गुप्ता ने थाना वैशाली नगर में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मिलकर धोखाधड़ी कर कोहका वार्ड नंबर 14 बाबादीप सिंह नगर स्थित शासकीय भूमि (खसरा क्र0-5407/4 और 5407/3) के फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करवा रहे थे। यह भूमि कुल 1000 और 2500 वर्गफुट की थी। आवेदक ने शिकायत में बताया है कि आरोपी कार्तिक नंद शर्मा, पुरूषोत्तम उर्फ अरविन्द भाई, राजेन्द्र सोनी और हरिश राठौर के द्वारा कूटरचित फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे। इसके बाद आरोपी संतोष नाथ उर्फ लजंधर ने फर्जी तरीके से इस भूमि का मालिकाना हक अपने नाम करने के लिए न सिर्फ रजिस्ट्री करवाई बल्कि फर्जी व्यक्ति के नाम से पावर ऑफ अटॉर्नी के दस्तावेज तैयार कर लिए थे।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अमित कुमार अंदानी ने आरोपी संतोष नाथ उर्फ जलन्धर को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि उसने शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और रजिस्ट्री की, जबकि वास्तविक लेन-देन नहीं हुआ था। इससे पहले, संतोष नाथ उर्फ जलंधर के खिलाफ थाना वैशाली नगर में पहले भी एक अन्य फर्जीवाड़ा करने के मामले में भी आरोपी बनाया गया था, जिसमें अपराध क्र. 61/2023 धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी के तहत मामला दर्ज था।







