
NNH रायपुर/ कहने को तो छत्तीसगढ़ राज्य में सरप्लस बिजली है, लेकिन इन दिनों राज्यभर में लोग अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में तो बिजली कटौती हो ही रही है, लेकिन राजधानी रायपुर का भी बहुत ही बुरा हाल है। तेज हवा और बेमौसम बारिश होते ही शहर के मोहल्ले बस्तियों के साथ ही पॉश कॉलोनियों चली जा रही है।
भीषण गर्मी के बीच अचानक बिजली गुल हो जाने से परेशान लोग विद्युत विभाग के शिकायत केंद्रों में कॉल कर करते हैं तो फोन रिसीव तक नही किया जा रहा है, जब लोग शिकायत केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, तो वहां बैठे कर्मचारियों द्वारा मेंटनेंस की बात कहकर उन्हें रवाना कर देते हैं। हालत ये है कि घण्टों बिजली गुल से लोग हलाकान हो रहे हैं।
बदहाल और बुरी तरह चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि पहले तेज आंधी या तेज बारिश में कुछ देर के लिए लाइट बंद की जाती थी पर अब तो हवा चलने और पानी गिरने की आशंका में ही लाइट बंद कर दी जा रही है। प्रतिदिन सुबह शाम दोपहर विद्युत कटौती हो रही है, साल भर चलने वाले मेंटेनेंस के बाद भी यदि यह स्थिति बरकरार है तो निश्चित रूप से इस कार्य में लापरवाही और साथ सांठगांठ से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्युत कटौती बंद किए जाने की दिशा में ठोस कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
गत दिनों अघोषित बिजली कटौती से परेशान खम्हारडीह स्थित बिजली कार्यालय का अवंति विहार व्यापारी संघ ने घेराव कर सहायक अभियंता सचिन सोनी को पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 3 दिन का अल्टीमेटम दिया था। जिसकी जानकारी देते हुए व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार राठी ने बताया कि विगत 15 दिनों से पूरे क्षेत्र में 4 से 6 घंटे बिजली बंद रहती है जिसके चलते आज व्यापारी संघ एवं रहवासी संघ द्वारा बिजली कार्यालय का घेराव किया गया। राजकुमार राठी ने बताया कि सहायक अभियंता सचिन सोनी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था ठीक करने का निर्देश पूरे संघ के सामने देते हुए संघ को आश्वस्त किया कि 3 दिनों के भीतर पूरी व्यवस्था ठीक कर ली जाएगी एवं भविष्य में शिकायत का मौका नहीं मिलेगा जिसके बाद संघ द्वारा घेराव को समाप्त किया गया। राजकुमार राठी ने कहा कि व्यवस्था दुरुस्त ना होने पर संघ द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

घेराव में प्रमुख रूप से संघ के अध्यक्ष राजकुमार राठी, महामंत्री किशोरचंद नायक, उपाध्यक्ष सुब्रत घोष, संरक्षक संतोष श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद राजू रोहित राघव, डॉ.सुजीत परिहार, सुभाष बजाज, जयराम कुकरेजा, मोनू आहूजा, भंवरलाल सेन, अमित वाधवानी, हरीश लोकवाणी, राजेश दुल्हनी, चुनेश गड़पायले, स्वामी राजेश्वरानंद सरस्वती, हिमांशु वंदे, सत्यनारायण सेन, सूरज यादव,असलम खान,हार्दिक सांघवी, सूरज,विकास,अभिषेक नागवंशी, कुणाल जसवानी, धर्मेंद्र बघेल, पुरुषोत्तम, वैभव अवस्थी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।






