त्योहारी सीजन में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का निरीक्षण, बैजनाथ पारा के मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिठाइयों व अन्य खाद्य सामग्रियों का लिया गया सैंपल

NNH रायपुर/ दीपावली सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिठाई दुकानों की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के कुल 5 विधिक नमूने संग्रहित किए।
जांच अभियान के तहत बैजनाथ पारा स्थित मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार, सुंदर नगर स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स और अग्रसेन चौक स्थित न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार का निरीक्षण किया गया।
मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार की जांच
बैजनाथ पारा स्थित मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद का विधिक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठान के संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार श्री बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद, बर्फी और चमचम के नमूने लिए गए तथा वहां भी कमियां मिलने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।
वहीं न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार से पेड़ा और कलाकंद के नमूने संग्रहित किए गए।विभाग के अनुसार सभी पांच नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।










