गाड़ी में शराब पकड़े जाने के बाद पुलिस को ही धमकाने वाले राजनांदगांव के भाजपा नेता दीपक चौहान गिरफ्तार

NNH राजनांदगांव/ चुनाव के दौरान गाड़ी में शराब पकड़े जाने के बाद पुलिस आरक्षकों को धमकाने वाले भाजपा नेता दीपक चौहान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी दीपक चौहान और उसके ड्राइवर कौशल वर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

राजनांदगांव के पूर्व पार्षद व भाजपा नेता की गाड़ी से पुलिस की टीम ने 26 फरवरी को शराब की खेप पकड़ी थी। तब उस चार पहिया वाहन को ड्राइवर कौशल वर्मा चला रहा था। जब पुलिस ने गाड़ी रोकी तो रोके जाने की सूचना मिलते ही दीपक चौहान मौके पर पहुंचे गए थे, और उन्होंने गाड़ी की जांच करने वाले आरक्षकों को अपने राजनैतिक रसूख का हवाला देते हुए धमकाया और जमकर गाली गलौज की इसके साथ ही ट्रांसफर तक करा देने की धमकी दे डाली थी। इस पूरे मामले का वीडियो अगले दिन से ही सोशल मीडिया में वायरल हो गया था। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक ने दीपक चौहान को मौके से छोड़ने वाले दो आरक्षकों को लाइन अटैच करने का आदेश दिया, तथा दीपक चौहान और उसके ड्राइवर कौशल वर्मा के खिलाफ धारा 221, 296, 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया है, वहीं प्रकरण में आबकारी एक्ट की धाराओं को भी जोड़ा गया है। जिसके बाद आरोपी भाजपा नेता दीपक चौहान और उसके ड्राइवर कौशल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है।







