छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर सीबीआई की रेड
भूपेश बघेल ने बताया क्यों हुई उनके घर सीबीआई की रेड

NNH रायपुर/ महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई की टीम ने बुधवार को रायपुर, भिलाई और दुर्ग सहित 50 से ज्यादा जगहों पर छापा मारा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके दो ओएसडी रहे आशीष वर्मा और मनीष बंछोर, उनकी सेक्रेटरी रही सौम्या चौरसिया, विधायक देवेंद्र यादव और चार आईपीएस अधिकारी आनंद छाबड़ा, अभिषेक पल्लव, आरिफ शेख, प्रशांत अग्रवाल के घर भी सीबीआई ने दबिश दी है। महादेव सट्टा एप मामले में यह छापेमारी की गई है।
एएसपी संजय ध्रुव और दो सिपाही नकुल-सहदेव के घर भी सीबीआई की टीम ने दबिश दी है। इसके अलावा केपीएस स्कूल के संचालक निशांत त्रिपाठी के घर भी जांच चल रही है। 10 से अधिक टीमें आज तड़के रायपुर से निकली थी।
भूपेश बघेल ने बताया क्यों हुई उनके घर सीबीआई की रेड, कांग्रेस ने उठाए टाइमिंग पर सवाल

वहीं छापेमारी के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि “उन्हें आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली AICC की बैठक के लिए गठित “ड्राफ़्टिंग कमेटी” की मीटिंग के लिए उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। उससे पूर्व ही CBI रायपुर और भिलाई निवास पहुँच चुकी है।”
बघेल के अलावा कई और कांग्रेस नेताओं ने भी सीबीआई की ‘टाइमिंग’ पर सवाल उठाए हैं। भूपेश बघेल के रायपुर और भिलाई स्थित घर के बाहर कांग्रेस के नेताओं कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए छापेमारी की टाइमिंग पर कांग्रेस नेताओं ने सीबीआई की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।






