ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने भारत-पाक बॉर्डर से पुनर्विकास स्टेशनों के उद्घाटन के साथ ही 26 हजार करोड़ से अधिक के विकास परियोजनाओं की आधारशिला रख दिया मजबूत संदेश
पीएम नरेंद्र मोदी ने 103 'अमृत भारत स्टेशनों' का किया वर्चुअली उद्घाटन

NNH Amrit Bharat Station/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के पाकिस्तान सीमा से सटे बीकानेर जिले में एक जनसभा से 103 ‘अमृत भारत स्टेशनों’ का वर्चुअली उद्घाटन किया। यह परियोजना देश के एक हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 103 स्टेशन पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं। इन स्टेशनों में विभिन्न राज्यों की विशिष्ट कला, संस्कृति और विरासत को प्रमुखता से दर्शाया गया है, जो ‘गति और गौरव की नई परिभाषा’ गढ़ रहे हैं। उद्घाटन किए गए स्टेशनों में यूपी के 19 छत्तीसगढ़ के 5, पश्चिम बंगाल के 3 रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 18 राज्यों के कुल 103 स्टेशन शामिल हैं। इन पुनर्विकसित स्टेशनों से स्थानीय यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और यह क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति को भी प्रदर्शित करेंगे।
“ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार सीमावर्ती क्षेत्र बीकानेर पहुंचे। यहां उन्होंने भारत के 103 रेलवे स्टेशनों सहित देशनोक रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित रूप का उद्घाटन किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने 26 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। बता दें, बीकानेर से सिर्फ 40 किलोमीटर दूर पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ध्वस्त किया था। ऐसे में पीएम मोदी का बीकानेर दौरा एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।”






