बेटिंग एप 777 एक्सचेंज से ऑनलाईन सट्टा संचालित करते इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक गिरफ्तार
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट व थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

NNH रायपुर/ ऑनलाइन सट्टे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। रायपुर रेंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तिल्दा नेवरा क्षेत्र में स्थित यश इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक संजय करमचंदानी (43 वर्ष) को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला वर्ल्ड कप के न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच के दौरान बेटिंग एप 777 एक्सचेंज का इस्तेमाल कर लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने रायपुर पुलिस व एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को सख्त निर्देश दिए थे कि प्रदेश में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। इसी क्रम में यूनिट की टीम को गुप्त सूचना मिली कि तिल्दा नेवरा क्षेत्र के बनियापारा गुरुकृपा कॉम्पलेक्स स्थित यश इलेक्ट्रॉनिक में दुकान संचालक मैच के दौरान मोबाइल फोन से सट्टा चला रहा है।
रेड कर पकड़ा गया आरोपी
सूचना के आधार पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। दुकान में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम संजय करमचंदानी पिता अशोक करमचंदानी, उम्र 43 वर्ष बताया। जब उसके मोबाइल फोन की जांच की गई तो उसमें 777 एक्सचेंज बेटिंग एप खुला हुआ मिला, जिसके जरिए वह क्रिकेट मैच पर सट्टा चला रहा था।
आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन, 5,000 रुपये नगद, 3 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत करीब 45,000 रुपये आंकी गई है
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 439/2025 दर्ज किया है। उस पर धारा 4(क) सार्वजनिक द्वयुत अधिनियम (छत्तीसगढ़ संशोधन अधिनियम 1976) एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत मामला कायम किया गया है।







