खबरों की खबरछत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता, छतीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर हाउस अरेस्ट के बाद कैसे पहुंचे प्रदेश भाजपा कार्यालय…?

हाउस अरेस्ट के दौरान कहा कि यदि यही रवैया रहा तो अगली बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी

NNH रायपुर/ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर को पुलिस ने नजर बंद कर लिया है। कंवर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने वाले थे। उन्होंने कोरबा कलेक्टर अजित वसंत के खिलाफ भ्रष्टाचार सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए सरकार से कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि अगर कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे 4 अक्टूबर से रायपुर में सीएम हाउस के सामने धरना देंगे।

पुलिस ने उन्हें एम्स के पास रोक लिया और बाद में गहोई भवन में नजरबंद कर दिया। कंवर गेट कूदकर निकलने की कोशिश में जुटे रहे और चेतावनी दी कि यदि यही रवैया रहा तो अगली बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। राज्य सरकार ने शिकायतों पर जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई लिखित निर्देश जारी नहीं हुआ है।

हाउस अरेस्ट को लेकर प्रदेशभर में विपक्षी दल और आम जनता के द्वारा सोशल मीडिया पर सरकार की लगातार आलोचना शुरू हो गई थी। जिसके बाद बीजेपी के नेताओं ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की, शायद उसके ही परिणाम स्वरूप ननकीराम कंवर अभी कुछ देर पहले ही प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे हैं। जिसकी एक तस्वीर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने फेसबुक पर साझा की है। और फेसबुक पर जानकारी देते हुए लिखा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर जी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष माननीय किरण देव सिंह जी से मुलाकात के बाद प्रसन्नचित हुए, मुलाकात के बाद ननकी राम कंवर जी कोरबा लौट गए।

Back to top button