
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक और जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल ने आज रायपुर के देवेंद्र नगर थाने में सरेंडर कर दिया है। सरेंडर के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा और थाने के बाहर मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित अंदर ले गई।
अमित बघेल की मां का निधन हो गया है। उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम पथरी ले जाया गया है, सरेंडर के बीच अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। बघेल कोर्ट में जमानत याचिका दायर कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगेंगे।
अमित बघेल आपत्तिजनक बयान के मामले में करीब दो महीने से फरार चल रहे थे। इस दौरान राज्यभर में उनकी तलाश की जा रही थी। 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बघेल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कड़ी फटकार लगाई थी। और कोर्ट ने कहा था कि वे अपनी जुबान पर लगाम लगाएं। इसके अलावा अन्य राज्यों में दर्ज FIR होने पर कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। अदालत ने साफ किया था कि उन्हें किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।
बता दें कि अमित बघेल पर देश के 12 राज्यों में मामले दर्ज हैं। सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पुलिस उन्हें जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच ले जा सकती है और अदालत इस प्रक्रिया में दखल नहीं देगी।






