खबरों की खबरछत्तीसगढ़राजनीति

कांग्रेस विधायक ने भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी पर एफआईआर दर्ज करने जिलेभर के पुलिस थानों में की शिकायत, भाजपा नेता ने कहा हम पूरी ताकत से लड़ेंगे

NNH बिलाईगढ़ सरसींवा/ सोशल मीडिया पर बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे को लेकर की गई टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी संगठनों ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बेदराम जांगड़े के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जिले के विभिन्न थानों में ज्ञापन सौंपा हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री बेदराम जांगड़े ने अपने फेसबुक अकाउंट से विधायक कविता प्राण लहरे के खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। इन टिप्पणियों को महिला जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने और महिला नेतृत्व के प्रति घृणा फैलाने का प्रयास बताया गया है। जिसको लेकर जिलेभर विधायक के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिला विंग समेत कई संगठन एकजुट होकर थानों में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। उन्होंने बेदराम जांगड़े पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो जिलेभर में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर दबाव बढाते हुए कार्रवाई की मांग तेज कर दी है, और जिले सभी थानों में एफआईआर दर्ज करने आवेदन सौंपा है। उधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कांग्रेस ने साफ किया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन की राह पर उतरेंगे।

भाजपा नेता बेदराम जांगड़े ने कहा हम पूरी ताकत से लड़ेंगे

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बेदराम जांगड़े ने बताया है कि सरसीवा के शासकीय आत्मानंद विद्यालय ( पी एम श्री से सम्मानित विद्यालय) में आयोजित वार्षिक प्रवेश उत्सव और वृक्षारोपण कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक कविता प्राण लहरे के अनुचित और शर्मनाक व्यवहार की कठोर निंदा करता हूँ। यह आयोजन बच्चों के भविष्य और शिक्षा के लिए था, लेकिन विधायक ने इसे अपनी सियासी नौटंकी का मंच और प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया। शिक्षा के पवित्र मंच पर ढोल-नाच, सस्ते सत्कार और आत्ममुग्ध भाषणों की मांग करके उन्होंने न केवल स्कूल प्रशासन पर दबाव डाला, बल्कि बच्चों और उपस्थित गणमान्य लोगों का अपमान किया।
मैंने विधायक के अनुचित व्यवहार और जनता के हितों की आवाज उठाई है। और शिक्षा के मंदिर को अपवित्र करने वाले इस व्यवहार की आलोचना की है। मेरे खिलाफ FIR की धमकी देना कांग्रेस पार्टी के विधायक की हताशा दर्शाता है। और साथ ही सच्चाई से मुंह मोड़ने की उनकी कोशिश है। मैं बिलाईगढ़ की जनता के हितों और शिक्षा के सम्मान के लिए हमेशा खड़ा रहूँगा। यह क्षेत्र भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, धर्मांतरण और विकास के अभाव से त्रस्त है, और मैं इन मुद्दों को लगातार उठाता रहूँगा। भाजपा नेता बेदराम जांगड़े ने आगे कहा कि मैं बिलाईगढ़ की जागरूक जनता से अपील करता हूँ कि वे इस तरह की ओछी राजनीति को पहचानें और शिक्षा, विकास, और सम्मान के लिए एकजुट हों। भारतीय जनता पार्टी और मैं स्वयं जनसेवा और क्षेत्र के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी लड़ाई सस्ती सियासत और नौटंकी के खिलाफ है, और हम इसे पूरी ताकत से लड़ेंगे।

Back to top button