
NNH भिलाई/ भिलाई शहर के नामी व्यवसायिक परिसर चौहान स्टेट मे के लिफ्ट में एकबार फिर से एक युवक की जान चली गई। मंगलवार सुबह 40 वर्षीय युवक राजा बान्दे, निवासी उतई, लिफ्ट के होल में गिर गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तीसरी मंजिल पर लिफ्ट का दरवाजा खुला था, जबकि लिफ्ट नीचे मौजूद थी।
हादसे के बाद युवक को गंभीर अवस्था में लिफ्ट होल से निकालने के लिए एसडीआरएफ की मदद ली गई। टीम ने रस्सी के जरिए होल में उतरकर राजा बान्दे को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल शव को सुपेला अस्पताल के मरच्यूरी में रखा गया है और सुपेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिलो जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ, जब मृतक राजा तीसरी मंजिल पर लिफ्ट का इंतजार कर रहा था। लिफ्ट का दरवाजा खुला देखकर उसने मान लिया कि लिफ्ट उसी फ्लोर पर है और उसने जैसे ही पैर आगे बढ़ाया, वह सीधे लिफ्ट होल में जा गिरा। वह पहली मंजिल पर लिफ्ट की छत से टकराया और बुरी तरह घायल हो गया। जबकि वहां मौजूद गार्ड का कहना है कि मृतक लिफ्ट का दरवाजा खोलकर छलांग लगा दी।
वहीं इस घटना ने चौहान स्टेट में लिफ्ट की मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार महीने पहले भी इसी परिसर में विनय गुप्ता (32) नामक युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो चुकी है। तब भी लिफ्ट की खराबी और बड़ी लापरवाही सामने आई थी। आज हुए हादसे में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब लिफ्ट नीचे मौजूद थी, तब तीसरे माले का दरवाजा कैसे खुला? यह सीधे-सीधे मेंटेनेंस फेलियर और सेफ्टी सिस्टम की चूक की ओर इशारा करता है।
चौहान स्टेट की लिफ्ट मेंटेनेंस में लापरवाही से एक युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में इस हादसे को लेकर रोष है। लोगों ने मांग की है कि लिफ्ट के मेंटेनेंस और संचालन के लिए जिम्मेदार एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई हो। सुपेला थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और मामले की जांच जारी है।







