
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में भी अब डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध हो गई है। नवा रायपुर के बालको मेडिकल सेंटर में MMR हॉस्पिटल द्वारा डायलिसिस सेंटर शुरू किया गया है।
नया रायपुर में मंत्रालय के साथ ही छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों का मुख्यालय भी है, जहां हजारों की संख्या में अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अलावा शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों और आम लोगों की रिहायशी इलाकों में बसाहस शुरू हो चुकी है।

बता दें कि नया रायपुर में निवासरत लोगों के लिए छोटे बड़े स्वास्थ्य केंद्र तो हैं, लेकिन वहां डायलिसिस की सुविधा नही थी, जिसके चलते किडनी के मरीजों को बहुत असुविधा हो रही थी। क्योंकि किडनी के मरीज को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस कराने की आवश्यकता होती है, जिसमें काफी समय लगता है। नया रायपुर के किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए रायपुर जाना पड़ता है, जबकि नया रायपुर और रायपुर के बीच लगभग 30 से 35 किलोमीटर का फासला है, जिससे किडनी के मरीजों को पूरे दिन के साथ ही भारी थकान लगती है। लेकिन अब नया रायपुर में निवासरत और कार्यरत किडनी के मरीजों के लिए बालको मेडिकल सेंटर में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे नया रायपुर के आसपास के इलाकों के किडनी मरीजों को भी इसका लाभ मिलेगा। वहीं MMR हॉस्पिटल द्वारा संचालित इस डायलिसिस केंद्र में आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) व अन्य शासकीय, ग़ैर-शासकीय इंश्योरेंस पॉलिसी धारक कैशलेस डायलिसिस करा सकेंगे।






