व्यापारियों के संगठन ने प्रधानमंत्री को भेजा धन्यवाद पत्र, कहा; मोदी ने व्यापारियों और निवेशकों को बचा लिया

NNH नई दिल्ली/ CTI ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि सोना न खरीदने की उनकी सलाह ने लाखों जौहरियों, व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया।
पत्र के मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था। अब सोना गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया है। यानी प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट आई है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा, प्रधानमंत्री ने सिर्फ सलाह नहीं दी, उन्होंने लाखों परिवारों की पूंजी बचा ली। CTI ने बताया कि उनके ग्रुपों में लगातार मैसेज आ रहे हैं – मोदी जी ने बचा लिया। यहां तक कि जो व्यापारी पहले इस सलाह का विरोध कर रहे थे, वो भी अब मान रहे हैं कि प्रधानमंत्री सही थे।
एक दिन पहले ही लखनऊ में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अपनी अपील को याद दिलाया था। उन्होंने कहा था कि लोगों ने उनकी सलाह मानी और उनका पैसा बच गया। शादी के सीजन में सोने के दाम गिरने से आम लोगों को भी राहत मिली है। इस सीजन में करीब 52 लाख शादियां हो रही हैं।
CTI ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि सोना-चांदी जैसे संवेदनशील बाजार पर सरकार आगे भी समय-समय पर मार्गदर्शन देती रहे, ताकि सट्टेबाजों और जमाखोरों से बाजार को बचाया जा सके।







