बिसलेरी का पानी असुरक्षित; FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी
रिपोर्ट/ NNH - नेशन न्यूज़ हिंदी

NNH नई दिल्ली/ पीने के पानी को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देश की सबसे बड़ी पैक्ड वॉटर कंपनी बिसलेरी के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई होगी। वजह है पानी में खतरनाक केमिकल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिलना।
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच खाद्य व्यवसायों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों के खाद्य उत्पाद असुरक्षित या घटिया पाए गए थे। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के गंभीर नियमों का उल्लंघन करने पर दो और खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बिसलेरी में ब्रोमेट की मात्रा अधिक
FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है, क्योंकि उनके पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई है। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। रेफरल फूड लेबोरेटरी ने भी इसमें ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित करार दिया है। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक बिसलेरी इंटरनेशनल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
चार अन्य कंपनी पर भी कार्रवाई
बिसलेरी के साथ ही वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है, क्योंकि उनके मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई थी। इसके साथ ही टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी मुकदमा चलाया जा रहा है, क्योंकि उनके मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष और हल्दी पाउडर में ‘टिन’ की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई।तो मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है, क्योंकि उनके अखरोट की गिरी घटिया और असुरक्षित पाई गई है।
अब बड़ा सवाल यही है कि जिस पानी को हम सबसे सुरक्षित मानकर पीते हैं, अगर उसी में खतरनाक केमिकल मिल रहा है, तो फिर भरोसा किस पर करें।







