
NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम के अंतर्गत रानी दुर्गावती वार्ड की नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. अनामिका सिंह चुनाव जीतकर आने के बाद एक्शन मोड पर हैं। वो नगर निगम की टीम के साथ रोजाना वार्ड भ्रमण पर निकल रही हैं, सोमवार को उन्होंने तिरंगा चौक, पुरैना, विशाल नगर व अन्य क्षेत्रों में भ्रमण किया, और उन इलाकों की समस्याओं से रूबरू हो रही हैं। अन्य समस्याओं को जानने के लिए नागरिकों से लगातार बातचीत भी कर रही हैं, वार्ड के नागरिकों से भेंट वार्ता के दौरान एक महिला से उनकी मुलाकात हुई, जो अस्वस्थ लग रही थी, पेशे से चिकित्सक डॉ. अनामिका सिंह ने वहीं उनका चेकप किया और प्राथमिक उपचार की आवश्यकता महसूस होने पर तत्काल वहीं पर अस्वस्थ महिला के लिए दवाई की पर्ची लिख दी, और उनसे कहा कि आप टाइम पर दवा लें, इससे ठीक हो जाएंगी, इसके लिए आपको फिलहाल कहीं जाने की आवश्यकता नही है।
पार्षद डॉ.अनामिका सिंह ने कहा कि वार्ड की जनता हमारा परिवार है, इसलिए उनकी प्रत्येक समस्याओं पर ध्यान देना और उसका समाधान करना मेरा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, फिलहाल सफाई ही वार्ड में बड़ी समस्या है, जिसपर गम्भीरता से अब ध्यान दिया जाएगा। नालियों की नियमित सफाई शुरू कर दी गई है, ब्लीचिंग पाउडर के साथ मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कर दिया गया है, वार्ड में फॉगिंग करने का भी निर्देश दे दिया गया है। डॉ. अनामिका सिंह ने पुनः दोहराया कि सफाई व्यवस्था से कोई समझौता नही किया जाएगा।







