
NNH रायपुर/ रविवार को राजधानी रायपुर में महाराष्ट्र मंडल में रायपुर के नवनिर्वाचित 52 पार्षदों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था, जहां राज्य के तीन बार के मुख्यमंत्री और वर्तमान छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, रायपुर की महापौर मीनल चौबे और विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रय कि शुरुआत महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने की।
कार्यक्रय में सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने कहा कि मैंने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत वार्ड पार्षद से की थी, मुझे याद है मेरे जीवन का सबसे कठिन पार्षद का ही चुनाव था। इस दौरान डॉ रमन सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को नसीहत दी कि पार्षद बनना लेकिन ठेकेदार नही बनना। मैं यदि ठेकेदारी करता तो क्लास वन ठेकेदार होता, लेकिन ठेकेदारी करने में वो सम्मान नही रहता जो एक जनप्रतिनिधि का सम्मान होता है, इसलिए ठेकेदारी नही करना। वहीं डॉ रमन सिंह ने कहा आप सभी विकास कार्य करना लेकिन फव्वारा मत लगाना, क्योंकि इसपर करोड़ो खर्च हो गए, लेकिन 6 दिन से ज्यादा फव्वारा नही चलता।
नगर निगम में पक्ष हो या विपक्षी दलों के पार्षद प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से ठेकेदारी करते रहे हैं, और ऐसे कई मौके आए जब किसी टेंडर को हासिल करने के लिए पार्षद और ठेकेदारों के बीच वाद विवाद की स्थिति निर्मित होती रही है। राज्य के नगरीय निकायों में भाजपा की बड़ी जीत हुई है, और भाजपा की टिकट पर ऐसे कई पार्षद चुनकर आए हैं जो ठेकेदारी करते हैं। अब देखना ये होगा कि डॉ.रमन सिंह के ठेकेदार नही बनने की नसीहत का कितने पार्षद अनुसरण करते हैं।







