
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शंकर नगर पर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में ईडी के अधिकारियों की दबिश के बाद सियासी पारा चढ़ गया है।
राज्य में दो हजार करोड़ रुपए से भी अधिक के शराब घोटाला मामले में जानकारी के लिए प्रवर्तन निदेशालय “ED” के अधिकारी राजीव भवन पहुंचे थे। अधिकारियों ने एक समन जारी कर साल 2018 से साल 2023 के बीच में सुकमा जिले के काउंटर में बने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की लागत और उसके निर्माण के लिए आई राशि और भवन निर्माण करने वाली ठेका कम्पनी के संबंध में जानकारी देने को कहा है, ईडी ने इसके लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेन्दू को 27 फरवरी को ED के दफ्तर बुलाया गया है।
इधर इस मामले को लेकर विधानसभा सत्र में डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष ने एक दूसरे पर वार-पलटवार किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने ED पर कांग्रेस नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाया है। डॉ. चरण दास महंत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सालभर से छापा ही छापा पड़ रहा है, ईडी के पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ हमारे नेताओं को परेशान करने का काम किया जा रहा है, यह हमारे लिए दुख का विषय है, लोकतंत्र में ऐसी बात नहीं होनी चाहिए, हम इसकी निंदा करते हैं।
वहीं इस पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जितना नोट छापा है, उसके विरुद्ध ये छापा है। विजय शर्मा ने कहा कि ईडी अपनी कार्रवाई कर रही है,और जो भी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं, सबको जेल जाना चाहिए। शर्मा ने कांग्रेस के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने जितना नोट छापा है, उसके विरुद्ध ये छापा है, दो हजार करोड़ का शराब घोटाला छत्तीसगढ़ के बच्चे-बच्चे जानते हैं। ईडी का छापा वहां पड़ा है, जहां भ्रष्टाचार का पैसा लगा है।







