वकीलों के साथ मारपीट करने वाले एसआई और एएसआई लाइन अटैच

NNH रायपुर/ राजधानी रायपुर के अधिवक्ताओं ने एक दिन पहले एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया था। दरअसल जिला कलेक्टोरेट में सोमवार को एक महिला की पेशी थी, उसी दौरान उसके साथ आए पुलिस अफसरों का दो वकीलों से विवाद हो गया था। जहां तेलीबांधा थाने की महिला सब इंस्पेक्टर चित्रलेखा साहू और एएसआई संतोष यादव पर वकीलों से दुर्व्यवहार कर मारपीट का आरोप लगाया था, दोनों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रदर्शन किया था।
क्या है पूरा मामला
वकीलों का कहना था कि सोमवार शाम 151 के एक मामले को लेकर दो वकील तेलीबांधा थाने गए थे। जहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों वकीलों के साथ मारपीट की। पीड़ित वकीलों का कहना था कि उन्होंने 151 की आरोपी एक महिला को शाम 7.30 बजे के बाद एसडीएम कोर्ट में पेश करने, और जेल ले जाने का विरोध किया था। इसी दौरान यह पूरा विवाद हुआ, और उनके साथ हाथापाई की गई। वकीलों के साथ पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर रायपुर जिला न्यायालय के वकीलों ने रायपुर एसएसपी आफिस, और एसडीएम दफ्तर को घेर कर प्रदर्शन किया। वे दो वकीलों की पिटाई को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त एसएसपी लाल उम्मेद सिंह सुशासन तिहार के दौरे पर कलेक्टर के साथ जिले में निकले थे। उनकी अनुपस्थिति में वकीलों ने सिंह से फोन पर चर्चा कर पूरी जानकारी दी, तथा वकीलों को एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। जिसके बाद प्रारम्भिक जांच में तेलीबांधा थाना रायपुर की एसआई चित्रलेखा साहू और एएसआई संतोष यादव को लाइन अटैच कर दिया गया है।







