पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने किया गिरफ्तार

NNH भिलाई/ प्रवर्तन निदेशालय “ED” की टीम ने शुक्रवार सुबह छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित आवास पर शराब घोटाले से संबंधित चल रही धन शोधन की जांच के तहत छापा मारा और अब खबर है कि ED ने चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय “ED” की टीम ने छापा मारा, यह कार्रवाई तब की गई जब उनके बेटे चैतन्य बघेल का जन्मदिन मनाया जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय “ED” की टीम ने भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। ED की इस कार्रवाई से कांग्रेसियों में आक्रोश फूट पड़ा है, और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद इस छापेमारी की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया – “ईडी आ गई है। आज विधानसभा सत्र का आखिरी दिन है।” उनका यह बयान सीधे तौर पर केंद्र सरकार पर निशाना है, जिसे कांग्रेस नेता लगातार राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई बताकर आलोचना कर रहे हैं।
पूर्व मीडिया सलाहकार विनोद वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब ईडी ने इस तरह की टाइमिंग चुनी हो। उन्होंने कहा, “जब पिछली बार ईडी ने दबिश दी थी तब भूपेश बघेल का जन्मदिन था, और आज जब दबिश दी गई है तब चैतन्य बघेल का जन्मदिन है।” यह छापेमारी ठीक उस दिन हुई जब छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त हो रहा है। इसे लेकर विपक्ष ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं और इससे ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है।





