बंसत अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं की मौजूदगी में कहा विधायक उनके सामने कहीं नही लगते
गुढ़ियारी में पं.धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर की श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार (दिनांक 4 से 8 अक्टूबर 2025) की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता रखी गई थी

NNH रायपुर/ भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी और जमीन कारोबारी बसंत अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें बसंत अग्रवाल कहते नजर आ रहे हैं कि विधायक उनके सामने कहीं नही लगते। बसंत ने कहा, “अगर एक तरफ मंत्री विधायक खड़े हों जाएं और दूसरी तरफ मैं, तो देखिए किसको ज्यादा नमस्कार करते हैं। है।”
यह बात बसंत अग्रवाल ने रविवार को एक पत्रकार वार्ता में कही। रायपुर में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा आयोजित कराने के संदर्भ में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई थी। गुढ़ियारी में पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर की श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार (दिनांक 4 से 8 अक्टूबर 2025) की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता रखी गई थी। जहां महेश शर्मा, विनोद अग्रवाल, श्रवण शर्मा, वीरेंद्र पारख, डॉ. विकाश अग्रवाल, हेमेंद्र साहू, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, पुष्पेंद्र उपाध्याय, जगदेव अग्रवाल, सतनारायण स्वामी, मोहन उपरकार भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि बसंत अग्रवाल ने 2023 के विधानसभा चुनाव में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन भाजपा ने एक बार फिर राजेश मूणत को ही टिकट दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बसंत अग्रवाल ने कहा कि विधायक उनके सामने कहीं भी नहीं लगते और धर्म कार्य करने वाले व्यक्ति को समाज सबसे आगे रखता है। उन्होंने कहा, “आप मंत्री को एक तरफ और मुझे दूसरी ओर खड़ा करिए, फिर देखें किसे ज्यादा सम्मान मिलता है। यह बसंत अग्रवाल की वजह से नहीं, बल्कि धर्म की वजह से होता है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धर्म के काम को करने के लिए भगवा चोला पहनना आवश्यक नहीं है, क्योंकि वे बिना भगवा चोला पहने भी वह कार्य कर रहे हैं जो दूसरे नहीं कर पा रहे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बसंत अग्रवाल ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कुछ लोग गलत नैरेटिव सैट करने के लिए गलत तरीके से आधा अधूरा वीडियो वायरल कर रहे हैं।






