संजय राऊत बोले; अगर जयचंद पैदा नहीं होते, तो भाजपा की 100 पीढ़ी भी मुंबई में मेयर नहीं बना पाती, कहा मुम्बई को अडानी की जेब में नही जाने देंगे

NNH मुम्बई/ महाराष्ट्र में नगरीय निकाय और बीएमसी चुनाव 2026 के नतीजों ने महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मचा दी है। एक तरफ बीजेपी अपनी जीत का जश्न मना रही है, तो दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे के सिपहसालार संजय राउत ने बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया है। राउत ने शनिवार को स्पष्ट किया कि यह हार जनादेश की नहीं बल्कि विश्वासघात की जीत है।
उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हमारी पार्टी के भीतर जो जयचंद पैदा हुए, अगर वे नहीं होते तो भाजपा की 100 पीढ़ियां भी मुंबई में अपना मेयर नहीं बिठा पातीं।
राउत ने आंकड़ों का गणित समझाते हुए कहा कि मनसे ने 6 सीटें जीतीं और कई सीटों पर वे बहुत कम अंतर से हारे। खुद शिवसेना (UBT) की भी 12-13 सीटें ऐसी रहीं जहाँ हार का अंतर बेहद मामूली था। उन्होंने सत्ताधारियों को चेतावनी दी कि आज भाजपा-शिंदे गठबंधन के पास केवल 4 पार्षदों का मामूली बढ़त है, जबकि विपक्ष सदन में एक भीषण ताकत बनकर खड़ा है।
राउत ने हुंकार भरी कि 100 से ज्यादा हमारे पार्षद आपको हर मोड़ पर रोकेंगे। हम मुंबई को अडानी की जेब में नहीं जाने देंगे और न ही यहाँ ठेकेदारों का राज चलने देंगे। यह बयान साफ करता है कि बीएमसी सदन में आने वाले दिन बेहद हंगामेदार होने वाले हैं।







