
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कर लिया है। जिसकी जानकारी उन्होंने स्वयं अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट करके दी है।
सतीश थौरानी ने कहा कि, राष्ट्रहित सर्वोपरि के पावन भाव के साथ आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व एवं उनके अद्वितीय राष्ट्र निर्माणकारी कार्यों से प्रेरित होकर तथा माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण से प्रभावित होकर आज मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली और पन्ना दुबे मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि यह उस विचारधारा से स्वयं को जोड़ने का संकल्प है, जो “राष्ट्र प्रथम” के मूल मंत्र पर आधारित है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने का संकल्प लिए हुए है। जो संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर रही है।
सतीश थौरानी ने कहा कि मैं रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर एवं जिला गुंजन प्रजापति के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ, कि जिन्होंने मुझ पर विश्वास व्यक्त कर इस राष्ट्रवादी पथ पर अग्रसर होने का अवसर प्रदान किया है।
चेम्बर अध्यक्ष ने कहा कि मैं पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ, भाजपा की विचारधारा को आत्मसात करते हुए, समृद्ध छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत का जो स्वप्न आज साकार होने की दिशा में अग्रसर है, के इस पावन अभियान में अपना सक्रिय योगदान देने हेतु संकल्पित हूँ।






