बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर 15000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार
नेवी से रिटायरमेंट के बाद पहली पोस्टिंग मिली थी बिजली विभाग में

NNH बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ राज्य में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। रिश्वत लेने का ताज़ा मामला लोरमी का है। जहां बिजली विभाग में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता को एसीबी बिलासपुर टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम के द्वारा बिजली विभाग के जिस कर्मचारी को रिश्वत की लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है वह पहले नेवी में ऑफिसर रह चुका है जो कि रिटायर होने के बाद बिजली विभाग में नौकरी कर रहा था। जिसे लोरमी बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में पहली पोस्टिंग मिली थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी पाली निवासी नंदकुमार साहू के घर पर अवैध कनेक्शन था। जिस पर कार्यवाही न करने के एवज में जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता के ने नंदकुमार साहू से 50 हजार रुपए की मांग की थी। जिस पर प्रार्थी 15 हजार रुपए लेकर बिजली कार्यालय पहुंचा और कनिष्ठ अभियंता ने रिश्वत की राशि को बिजली विभाग से लगभग 300 मीटर की दूरी पर एक किराना दुकान के पास पहुंचकर लेने की बात कही। जिसके बाद प्रार्थी उक्त दुकान के पास पहुंचा जहां पर कुछ देर बाद कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता अपने निजी वाहन क्रमांक सीजी 12 एएल 4403 में पहुंचा जहां प्रार्थी को गाड़ी के अंदर बुलाकर रिश्वत की रकम 15 हजार रुपए ली। और इसी बीच रिश्वत लेने के दौरान रिश्वतखोर कनिष्ठ अभियंता को एसीबी बिलासपुर टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन ब्यूरो “ACB” के द्वारा कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आज मुंगेली न्यायालय में पेश किया जाएगा।







