योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ, जशपुर में सीएम साय, कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और जगदलपुर में किरण सिंहदेव ने किया योग

NNH अंतरराष्ट्रीय योग दिवस/ 21 जून को दुनियाभर में शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाखापट्टनम में 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिक के साथ योग किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि योग का मतलब होता है- जोड़ना। और ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि वो दिन जब संयुक्त राष्ट्र में भारत ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए जाने का प्रस्ताव रखा तो कम से कम समय में 175 देश हमारे प्रस्ताव के साथ खड़े हुए।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा योग को लोक कल्याण का माध्यम बनाकर भारत ने विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया
गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में योग किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय मनीषा की अनुपम देन है। योग को लोक कल्याण का माध्यम बनाकर भारत ने विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। यही वजह है कि आज 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के करीब 190 देश भारतीय योग की विरासत के साथ जुड़कर गौरवान्वित हो रहे हैं। इसके 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन देखा व सुना।
छत्तीसगढ़ के सीएम साय ने कहा योग मानवता को
भारत की ओर से अमूल्य देन है
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने भी आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर के रणजीता स्टेडियम में नागरिकों, छात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की समस्त प्रदेशवासियों एवं योग साधकों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान सीएम साय ने कहा कि योग मानवता को भारत की ओर से अमूल्य देन है। यह आत्मानुशासन और आत्म-साक्षात्कार के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को संतुलन में लाती है। और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कहा विश्व में भी योग ने लोगों को एक स्वस्थ्य जीवन की ओर अग्रसर किया
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेकर योग क्रियाएं की। जहां विजय शर्मा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया। उनका संदेश न केवल प्रेरणादायक था, बल्कि जन-जन को योग अपनाने की भावना से भी ओतप्रोत था। आज भारत ही नहीं विश्व में भी योग ने लोगों को एक स्वस्थ्य जीवन की ओर अग्रसर किया है।
किरण सिंहदेव ने कहा योग विश्व पटल पर भारत की धरोहर के रूप में स्थापित
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता कर, योग के महत्व को आत्मसात किया। किरण देव ने कहा कि योग हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ रखने के साथ ही हमें मानसिक और आत्मिक रूप से भी मजबूत रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में योग विश्व पटल पर भारत की धरोहर के रूप में स्थापित हो चुका है। आइए, हम सभी योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें, यह हमें अनुशासन, एकाग्रता और संतुलन सिखाती है।







