खबरों की खबरछत्तीसगढ़शिक्षा

छत्तीसगढ़ के 57000 शिक्षकों की भर्ती को लेकर ध्यानाकर्षण कराने डोनाल्ड ट्रंप को पोस्टकार्ड के माध्यम से लिखी गई चिठ्ठी

NNH छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती/ छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पोस्ट कार्ड के माध्यम से चिठ्ठी लिखने का अनोखा मामला सामने आया है। जो कि सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

ग्राम चंद्रखुरी, तहसील पथरिया जिला मुंगेली से छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित शिक्षक संघ के सदस्य सूरज मानिकपुरी ने छत्तीसगढ़ में 57000 शिक्षकों की भर्ती के लिए भारतीय डाक विभाग के पोस्टकार्ड के माध्यम से ध्यानाकर्षण कराने अमेरिकी राष्ट्रपति के पते पर उनको चिठ्ठी लिखी है।

“चिठ्ठी में लिखा है कि, प्रिय डोनाल्ड ट्रंप संयुक्त राज्य अमेरिका, राष्ट्रपति अमेरिका आपके भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ मित्रता विश्व विख्यात है। अतः आपसे छत्तीसगढ़ के युवाओं का अनुरोध है कि मोदी जी को मोदी की गारंटी 57000 शिक्षक भर्ती का ध्यानाकर्षण कराएं।”

इस चिठ्ठी को लेकर सूरज मानिकपुरी से मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने यह चिठ्ठी लिखना स्वीकार किया है। और कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती का वादा किया गया था। राज्य में भाजपा की सरकार बने डेढ़ साल हो चुके हैं, लेकिन अबतक वादा पूरा नही किया गया है। जिसपर सरकार का ध्यानाकर्षण कराने यह चिठ्ठी लिखने का यह प्रयोग किया गया है, ताकि सरकार हमारी मांग जल्द पूरी करे। इससे साथ ही सूरज मानिकपुरी ने छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित शिक्षक संघ का तीन बिंदुओं पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है, जिसमें मांग की गई है कि…
1.) मोदी की गारंटी 57000 शिक्षक भर्ती जिसे 2 साल (2025 तक) में पूर्ण किया जाना था, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
2.) स्कूल शिक्षा सेटअप 2008 को यथावत रखा जाए और खामियों को दूर करते हुए प्रत्येक कक्षा में शिक्षक उपलब्ध कराए।
3.) अनियमित और गलत तरीके से किया जा रहे स्कूलों का युक्तियुक्तकरण रद्द किया जाए।

बता दें कि सुशासन तिहार में भी छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार को इस तरह से अनेक आवेदन पत्र लिखा गया था।

Back to top button