
NNH रायपुर / मांढर स्थित शराब दुकान में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने सिलतरा के बाजार चौक स्थित अपने घर में जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
आखिरी मैसेज बना जांच का आधार:
जानकारी के अनुसार, अपनी मौत से पहले प्रशांत वर्मा ने अपनी पत्नी और मां को मोबाइल पर एक मैसेज भेजा था। इस मैसेज में प्रशांत ने मांढर शराब दुकान में पदस्थ दो कर्मचारियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। इसके अलावा जोनल आबकारी अधिकारी और मैनपावर कंपनी के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या कहना है पुलिस का ?
पुलिस अब इसी मैसेज की सामग्री, उसमें लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। मैसेज की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद अब ये सवाल उठ रहा है कि अधिकारी और कर्मचारी आखिर क्या दबाव बना रहे थे कि जो प्रशांत वर्मा इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा?
प्रशांत वर्मा की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अक्सर मनो चिकित्सकों द्वारा सलाह दी जाती रही है कि अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो कृपया अकेले न रहें। अपने परिवार, दोस्त या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।







