बिना ताबूत के डंपर में शव लाने पर आक्रोश, शहीदों के अपमान पर भड़के लोग

NNH जम्मू कश्मीर/ जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से एक ऐसी खबर आ रही है जिसने सबको झकझोर दिया है। आतंकी हमले में शहीद हुए दो SPO के शव बिना ताबूत के डंपर में गांव लाए गए, और इस पर गांव में भारी आक्रोश फैल गया।
शहीद जवानों की पहचान रशपाल सिंह और बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के दच्छन के कियार गांव के रहने वाले थे। दोनों SOG का हिस्सा थे।
बुधवार दोपहर मारवाह के देहरना जंगल में गोलीबारी की सूचना के बाद दोनों लापता हो गए थे। गुरुवार सुबह दच्छन के जंगल में दोनों के शव मिले। शरीर पर गोलियों के कई निशान थे और उनकी सर्विस राइफलें भी गायब थीं।
शुक्रवार को जब दोनों के शव बिना ताबूत और बिना स्ट्रेचर के एक डंपर में गांव पहुंचे, तो परिवार और गांव वालों में गुस्सा भड़क गया। लोगों का आरोप है कि कोई सीनियर अधिकारी शव के साथ नहीं था। स्ट्रेचर तक नहीं दिया गया, आखिर में आर्मी से स्ट्रेचर लेना पड़ा।
बीजेपी विधायक हुई गुस्सा…
इस पर किश्तवाड़ की बीजेपी विधायक शगुन परिहार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर भड़क गईं। उन्होंने कहा, हमारे जवानों का निरादर हुआ है, हमारे बहादुरों की बेइज्जती हुई है। देश की सेवा में जान देने वालों के साथ ऐसा व्यवहार अपमानजनक है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बाद में दोनों शहीदों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।






