महाराष्ट्रराजनीति

मुम्बई महानगर पालिका “बीएमसी” में ओपन कैटगरी की बनेगी महिला महापौर

मेयर की दौड़ में सात महिला नेत्रियों के नाम हैं शामिल

NNH मुम्बई/ एशिया की बड़ी और अमीर महानगर पालिका (मुम्बई) बीएमसी समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिका चुनाव के नतीजे 16 जनवरी को घोषित हो गए थे। जहां बीजेपी और शिवसेना गठबंधन को कुल 118 सीटों पर जीत मिली है। इसमें बीजेपी को 89 और शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत हासिल की है। तो वहीं उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को 65 सीटों पर जीत मिली है, इसके अलावा MNS-6, कांग्रेस को 24, एआईएमआईएम को 8, एनसीपी को 3, सपा को 2 और एनसीपी (SP) को एक सीट पर जीत मिली है।

बीएमसी की कमान इसबार महिला महापौर ही संभालेगी, क्योंकि आरक्षण हो चुका है। बीएमसी के लिए लॉटरी में ओपन कैटेगरी की महिला महापौर के लिए मेयर की कुर्सी आरक्षित हो गई है।

आरक्षण के बाद अब बड़ा सवाल ये है कि बीएमसी का मेयर कौन होगा…? बीजेपी की राजश्री शिरवडकर, अलका केरकर, रितू तावडे, हर्षिता नार्वेकर, शीतल गंभीर और आशा मराठे का नाम रेस में चल रहा है, और जिस नाम की चर्चा सबसे ज्यादा थी, अब वो रेस से ही बाहर हो गई हैं। दरअसल बीएमसी के नतीजों के बाद से ही तेजस्वी घोसालकर का नाम तेजी से चल रहा था, लेकिन उनका नाम मेयर पद की दौड़ में शामिल ही नहीं है। 2017 के बीएमसी चुनाव में तेजस्वी घोसालकर अविभाजित शिवसेना से वार्ड नंबर 1 से जीती थीं, इस बार 2026 के बीएमसी चुनाव के ठीक पहले घोसालकर बीजेपी में शामिल हो गईं, और बीजेपी ने घोसालकर को वार्ड नंबर 2 से प्रत्याशी भी बनाया था। इस चुनाव में तेजस्वी ने जीत हासिल की है, उनके विजयी होने के बाद ये माना जा रहा था कि बीजेपी उन्हें ही मेयर बना सकती है। लेकिन अब ऐसा बताया जा रहा है कि वो इस रेस में शामिल ही नहीं हैं।

मुंबई में मेयर पद की रेस में फिलहाल अलका केरकर का नाम शामिल है। केरकर ने बीजेपी की टिकट पर वार्ड नंबर 98 से चुनाव में जीत हासिल किया हैं, केरकर तीन बार की पार्षद और पूर्व उपमहापौर रह चुकी हैं। बीजेपी के कोर ग्रुप और संगठन के बेहद करीब होने की वजह से इसबार उनका पलड़ा भारी माना जा रहा है। इसके अलावा रितू तावडे भी बीएमसी में मेयर पद की रेस में शामिल हैं, बीजेपी रितु पर भी भरोसा जता सकती है। बीजेपी से पार्षद बनीं रितू तावडे वार्ड नंबर 132 से विजयी घोषित हुईं हैं, इसके साथ ही बीजेपी की पार्षद हर्षिता नार्वेकर का नाम भी मुम्बई के मेयर की दौड़ में शामिल हैं, उन्हें वार्ड नंबर 225 से जीत हासिल हुई है, बता दें कि हर्षिता नार्वेकर, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर की रिश्तेदार हैं।

वहीं बीएमसी के महापौर की रेस में राजश्री शिरवडकर का नाम भी शामिल है, बीजेपी से पार्षद बनीं शिरवडकर वार्ड 172 से चुनाव जीतकर आई हैं। रेस में एक नाम बीजेपी पार्षद शीतल गंभीर की भी चर्चा में है, वे वार्ड नंबर 190 से पार्षद चुनी गईं हैं। इसके अलावा बीजेपी से चुनाव जीतने वाली आशा मराठे का नाम भी मेयर पद की दौड़ में शामिल हो गया है, मराठे को वार्ड नंबर 152 से जीत मिली है। सभी दावेदारों में अब देखना होगाकि मुम्बई महानगर पालिका “बीएमसी” का ताज किस महिला नेत्री को पहनाया जाएगा।

Back to top button