शहीद भगत सिंह वार्ड में चला अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर
जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत अमलीडीह में अवैध प्लॉटिंग पर कार्यवाही के बाद भी कटिंग कर बेचे जा रहे हैं प्लॉट

NNH रायपुर/ शहीद भगत सिंह वार्ड के अंतर्गत लगातार अवैध प्लॉटिंग की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद आज फॉर्चून रेसीडेंसी के पास लगभग 1.75 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर नगर निगम जोन 8 की टीम ने बुलडोजर चला दिया, जहां जेसीबी मशीन चलाकर मुरुम रोड को काटा गया।

अवैध प्लाटिंग की शिकायत रायपुर नगर निगम मुख्यलाय पहुंची थी, जिसपर एक्शन लेते निगम कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक 8 की कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान एवं नगर निवेश विभाग की टीम ने इस अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही की है।
वहीं जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत अमलीडीह मेन रोड पर पेट्रोल पंप के ठीक बगल में नगर निगम जोन 10 की टीम ने अवैध प्लॉटिंग पर कार्यवाही की थी, और बुलडोजर चलाकर अवैध बाउंड्री वाल को तोड़ा गया था। जिन लोगों ने वहां प्लॉट खरीदने के लिए एडवांस बुकिंग राशि दी थी, अब कार्यवाही के बाद वो लोग अपना एडवांस वापस लेने के लिए प्लॉटर के चक्कर लगा रहे हैं।

लेकिन पेट्रोल पंप के बाजू में अवैध प्लॉटिंग पर कार्यवाही के बाद भी गुपचुप तरीके से पुनः वहां प्लॉट की बिक्री शुरू कर दी गई है, अवैध प्लॉटर व ब्रोकर नए नए ग्राहकों को दिखाकर अमलीडीह के अवैध प्लॉटिंग का सौदा कर रहे हैं। जबकि टाउन प्लानिंग की अनुमति के बगैर और बिना रेरा रजिस्ट्रेशन के कोई भी प्लॉटिंग की जा रही है तो वह पूरी तरह से अवैध है। अगर कोई भी आम उपभोक्ता नियमों के विपरीत ऐसे अवैध प्लॉटिंग में प्लॉट लेते हैं तो वो अपनी जमा की गई पूंजी को डुबाने का काम कर रहे हैं। इसलिए लोगों को जांच पड़ताल करने के बाद ही किसी भूमि का क्रय विक्रय करना चाहिए।







