छत्तीसगढ़नगरीय निकाय चुनाव 2025राजनीति

कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे ने पत्रकार वार्ता में कहा चुनाव अभियान के दौरान हमने मर्यादाओं और संस्कारों का पूरा ध्यान रखा

NNH रायपुर/ नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। रायपुर की महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे प्रहार किया।

राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे ने कहा कि आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। मैंने मेरी पार्टी ने हमारे कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत से सकारात्मक तरीके से चुनाव अभियान चलाया। हमें संतोष है कि हमारी तरफ से चुनाव प्रचार के दौरान पूरे चुनाव अभियान के दौरान मर्यादाओं और संस्कारों का पूरा ध्यान रखा गया। हमने हमारे कार्यकर्ताओं ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि हमारे विपक्ष में जो उम्मीद्वार खड़ी है वे भी महिला है। अतः हमने अपने चुनाव अभियान की गरिमा को गिरने नहीं दिया। कभी भी कोई व्यक्तिगत प्रहार हमारी ओर से नहीं किया गया। हम जनता की लड़ाई रायपुर के विकास की लड़ाई, वैचारिक प्रतिबद्धता की लड़ाई लड़ रहे है।
मुझे दुख है कि हमारे विपक्ष के जो लोग मैदान में है उन्होंने मर्यादा को तोड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने एक नारी के सम्मान पर प्रहार करने की कोशिश किया। सोशल मीडिया में मेरे बारे में ऐसे पोस्टर और मीम बनाये गये जो एक नारी के लिये पीड़ादायक था। मेरा बुर्का पहनाकर कार्टून बनाया गया। मेरी व्यक्तिगत आस्था पर प्रहार करने की कोशिश की गयी। इन सब के बावजूद मैंने मेरी पार्टी ने कभी भी अपने विरोधी बहनों की व्यक्तिगत जिंदगी पर कोई भी टिप्पणी नहीं किया। खैर उनकी अपनी सोच है।
मेरा इस चुनाव में लक्ष्य शहर का विकास, शहर की सुंदरता, साफ सुथरा माहौल देने का है। पूरे चुनाव अभियान शहर की जनता ने मुझे भरपूर स्नेह दिया। मैं जिन मुहल्लों में, गलियों में गयी लोगों ने मुझे सर आंखों पर बिठाया, बड़ा शहर है, मैंने कोशिश की हर जगह, हर वार्ड, हर मुहल्ले में व्यक्तिगत पहुंच पाऊं, लेकिन सभी जगह समयाभाव में नहीं पहुंच पायी, लेकिन चुनाव जीतने के बाद महापौर के रूप में हर घर पहुंचुंगी मेरा वादा है।
रायपुर को धूल मुक्त, सहज यातायात वाला स्वच्छ शहर बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा, माताओं-बहनों को स्वाभिमान से भयमुक्त शहर दे सकूं, यह मेरा लक्ष्य है। यह एक ऐसा रायपुर वहां ठेले वाले से लेकर बड़े व्यवसायी तक निर्भीक होकर अपना काम कर सके। सबके परामर्श से सबके सहयोग से उनके अपने शहर को खूबसूरत शहर बनाना मेरा सपना है। चुनाव अभियान के दौरान जनता ने जो प्यार दिया उससे मुझे पूरा भरोसा है, रायपुर के मतदाता भाई और बहने मुझे भरपूर समर्थन करेंगे। चुनाव में हमारी जीत होगी।

पत्रकार वार्ता को वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने भी संबोधित किया।

Back to top button