क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख रुपये लेने का आरोप, एफआईआर के लिए शिकायत दर्ज

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर लाखों रुपये लेने और पूरी रकम वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। अमलीडीह निवासी शेख वसीम ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रायपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता शेख वसीम के अनुसार, प्रवेश सुराना नामक व्यक्ति ने उन्हें छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग से संबंधित मैनपावर सप्लाई का कार्य करने वाली कंपनी के माध्यम से सरगुजा जिले में डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।

शिकायत में बताया गया है कि इस सिलसिले में 1 सितंबर 2026 को 8 लाख रुपये दिए गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने के बावजूद उन्हें संबंधित पद पर नौकरी नहीं मिली।

शेख वसीम ने अपनी शिकायत में कहा है कि नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने रकम वापस मांगी। उनके मुताबिक, 8 लाख रुपये में से 3 लाख रुपये वापस कर दिए गए, लेकिन शेष 5 लाख रुपये अब तक नहीं मिले हैं।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बकाया रकम वापस मांगने के लिए संपर्क करने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और बाद में फोन पर संपर्क करना भी मुश्किल हो गया।

आवेदन में सांवत बनर्जी और दिलीप यादव नामक व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित लोगों की भूमिका की जांच किए जाने की मांग की है।

शेख वसीम ने पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रायपुर से मामले की जांच कराने, शेष रकम वापस दिलाने और जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

शिकायत की प्रतियां छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर, आबकारी आयुक्त और थाना माना के प्रभारी को भी भेजे जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।

इस शिकायत पर पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी आगे की जानकारी हम प्राप्त कर अपने पाठकों तक पहुंचाएंगे।

Back to top button