राजधानी रायपुर के मोवा ओवरब्रिज पर गुणवत्ताहीन कार्य करने पर लोक निर्माण विभाग के पांच अधिकारी निलंबित
ठेकेदार के लाइसेंस को भी रद्द करने की अनुशंसा

18 जनवरी 2025 NNH रायपुर/ राजधानी रायपुर के मोवा ओवरब्रिज गुणवत्ताहीन कार्य व अनियमितता बरतने पर छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने पीडब्ल्यूडी के बड़े ठेकेदार केशवदास आर. जादवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने ठेकेदार को जारी नोटिस में कहा है कि ओवरब्रिज में डामरीकरण के बाद यातायात प्रारंभ होने पर गिट्टी निकलने लगी जिससे कार्य की गुणवत्ता पर विपरीत प्रभाव पड़ा। इसमें ठेकेदार की लापरवाही स्पष्ट परिलक्षित होती है। इसके लिए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सेतु परिक्षेत्र रायपुर द्वारा ठेकेदार के पंजीयन को रद्द करने की अनुशंसा की गई है।

मोवा ओवरब्रिज पर डामरीकरण के दौरान वहां से आवागमन कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे वैकल्पिक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई थी, जिस वजह से ठेकेदार पर कार्य जल्द पूर्ण करने का दबाव था, इसी जल्दबाजी में गुणवक्ताहीन कार्य किया गया, और ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू होने के बाद डामरीकरण वाली सड़क से गिट्टी, बजरी झड़ने लगी थी। जब यह मामला प्रकाश में आया तो उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण विभाग के मंत्री अरुण साव ने कार्य स्थल का निरीक्षण किया था, और गुणवत्ता हीन कार्य को लेकर ठेकेदार व अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगाई थी, और गुणवत्तापूर्ण कार्य सम्पन्न कर जांच के आदेश दिए थे।

इस गुणवत्ताहीन कार्य में अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आई थी, और अब ठेकेदार को तो नोटिस जारी कर दिया गया है, और इस अनियमितता की जांच के बाद विभाग ने पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। ओवरब्रिज में डामरीकरण कार्य में शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कार्य का निरीक्षण किया था। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर गुणवत्ताहीन कार्य/खराबी पाई थी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र रायपुर के मुख्य अभियंता द्वारा केन्द्रीय गुणवत्ता एवं अनुसंधान प्रयोगशाला, लोक निर्माण विभाग, रायपुर से जांच प्रतिवेदन में औसत बिटुमिन कंटेंट, कंबाईन्ड डेन्सिटी, मटेरियल के ग्रेडेशन मानक स्तर से कम पाया गया। इस प्रकार अमानक स्तर एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण का कार्य किया गया, कार्यपालन अभियंता अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंताओं द्वारा अधिकार का दुरूपयोग कर अपने कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। इसपर कार्रवाई करते हुए विभाग ने कार्यपालन अभियंता विवेक शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी रोशन कुमार साहू तथा उप अभियंता राजीव मिश्रा, देवव्रत यमराज और तन्मय गुप्ता को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में इन सभी का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।







