
NNH जशपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी के बाजार डांड़ में स्थापित स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव की सात फीट ऊंची प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. जूदेव के जीवन, योगदान और समाज सेवा को दर्शाने वाली विशेष फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सीएम साय ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी का जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और आदिवासी उत्थान के लिए समर्पित था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि…”मेरे आदर्श राजनीतिक गुरु स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी का आशीर्वाद सदैव मुझ पर रहा है। उन्होंने मुझे जनसेवा हेतु प्रेरित किया एवं जीवन के हर मोड़ पर संबल प्रदान किया। हिंदू हृदय सम्राट उनकी छवि थी, जो आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। ऐसे महान व्यक्तित्व को आज उनकी जन्म जयंती पर कोटि-कोटि नमन। यह यादगार तस्वीर उस समय की है, जब ग्राम पंचायत बगिया के निर्विरोध सरपंच निर्वाचित होने पर मुझे कुमार साहब का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ था।”






