खोज खबरछत्तीसगढ़

बर्खास्तगी की चेतावनी के बाद भी प्रधानमंत्री आवास में गड़बड़ी

NNH रायपुर/ प्रधानमंत्री आवास की राशि मे गड़बड़ी का मामला सामने आया है। रायपुर जिला अंतर्गत आरंग ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनारसी में प्रधानमंत्री आवास की राशि गलत व्यक्तियों को आंबटित कर दी है। ग्राम पंचायत बनरसी के स्थानीय निवासी ईश्वर साहू ने आरंग जनपद पंचायत में उक्ताशय की शिकायत की है। मिली जानकारी के अनुसार रोजगार सहायक बिहारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत की गई है। शिकायत में ग्राम पंचायत बनारसी में डोमार साहू नामक व्यक्ति को हितग्राही बताकर किसी अन्य व्यक्ति को 120000/- रुपए आंबटित कर दिया गया है। इसके अलावा सत्या नामक महिला के नाम से भी इसी तरह की गड़बड़ी की गई है। शिकायत के बाद जनपद पंचायत आरंग से जांच करने जांच अधिकारी ग्राम बनारसी पहुंचकर मौके का मुआयना किया है, और 28/02/2025 को शिकायत कर्ता ईश्वर साहू और रोजगार सहायक बिहारी लाल साहू का बयान लिया गया है।

प्रधानमंत्री आवास की शिकायत में जनपद पंचायत आरंग से जांच अधिकारी ने निरीक्षण किया तो प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि गड़बड़ी हुई है। जिसमें डोमार साहू के आवास की राशि 120000/- रु को बिना आवास बनाए आनंद पिता लेखु साहू के घर का फोटो खींचकर राशि आहरण कर गबन करने का आरोप लगा है। इसी तरह से सत्या नामक महिला के नाम से 120000/- राशि का आहरण करके गबन करने का आरोप लगा है।

शिकायत कर्ता ईश्वर साहू का कहना है कि जिन दो हितग्राहियों के नाम राशि का गबन किया गया है, वो ग्राम बनारसी में वर्तमान में नही रहते हैं, उनके नाम से गलत घर और व्यक्तियों का फोटो खींचकर कूट रचना करने राशि का गबन किया गया है। और किस बड़े अधिकारी के संरक्षण में ये पूरा गड़बड़ घोटाला किया जा रहा है, उसकी भी जांच की मांग की है।

वहीं रोजगार सहायक बिहारी लाल साहू से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है, जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई होगी।

इस मामले की जांच कर रहे आरंग जनपद पंचायत के जांच अधिकारी संतोष ध्रुव ने बताया है कि दोनों पक्षों का बयान लिया जा चुका है, अभी जांच जारी है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास में गड़बड़ी नही करने की सख्त हिदायत दी थी, और गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों पर बर्खास्तगी की कार्यवाही की चेतावनी दी थी। आरंग जनपद पंचायत के ग्राम बनारसी में गड़बड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें अब देखना होगा कि मामले में दोषी पाए जाने पर क्या कार्यवाही होती है।

Back to top button