वेंटिलेटर पर अस्पताल में भर्ती महिला के साथ यौन उत्पीड़न
इस घटना से अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा को लेकर खड़े हो गए हैं गंभीर सवाल

NNH नई दिल्ली/ गुरुग्राम स्थित देश के प्रसिद्ध मेदांता अस्पताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां वेंटिलेटर पर भर्ती एक एयर होस्टेस के साथ अस्पताल के मेल स्टाफ ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया है। पीड़िता वेंटिलेटर पर होने के कारण विरोध करने में असमर्थ थी। घटना के वक्त दो महिला नर्स भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। पीड़िता ने अस्पताल से 13 अप्रैल को डिस्चार्ज होने के बाद अपने पति को अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की जानकारी दी। इसके बाद दंपती ने अपने लीगल एडवाइजर को बुलाकर उनकी सलाह पर डायल 112 की टीम को सूचना दी, और फिर संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय एयर होस्टेस गुरुग्राम में ट्रेनिंग लेने आई थी, जहां वह एक होटल में ठहरी थी। इस दौरान स्विमिंग पूल में एयर होस्टेस की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे 5 अप्रैल को मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उसकी हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। 6 अप्रैल को अस्पताल के ही एक मेल स्टाफ ने उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने अस्पताल से 13 अप्रैल को डिस्चार्ज होने के बाद अपने पति को पूरी जानकारी दी। आरोप है कि हॉस्पिटल का एक मेल स्टाफ एयर होस्टेस के प्राइवेट पार्ट छू रहा था, उस वक्त दो महिला नर्स भी वहां मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। पीड़िता उस वक्त अर्ध बेहोशी की हालत में थी। उसे सब महसूस हो रहा था, लेकिन उस स्थिति में पीड़िता विरोध कर पाने में असमर्थ थी। यौन उत्पीड़न के बारे में पता चलने के बाद पीड़िता के पति ने उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कर दिया है।

इस मामले में पुलिस की ओर से मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है। पुलिस अस्पताल के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि आरोपी की पहचान करके उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। वहीं मेदांता अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि हम पूरा सहयोग कर रहे हैं, साथ ही पुलिस अधिकारियों को सभी जरूरी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज मुहैया करा दिए हैं।
देश के इतने बड़े नामी मेदांता अस्पताल में यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







