बीजेपी नेता ने मारी कार से टक्कर, कांग्रेस नेता की मौत
कांग्रेसियों ने सड़क पर शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन, हत्या का मामला दर्ज

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक बीजेपी कार्यकर्ता पुरेन्द्र कौशिक ने अपनी कार से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें सवार स्थानीय कांग्रेस नेता हेमंत भोयर की मौत हो गई और उनकी भाभी घायल हो गई है।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान हेमंत भोयर की मौत हो गई, जबकि चम्पी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि कौशिक को हिरासत में लिया गया था, लेकिन मामला दर्ज नही किया गया था। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम डोगरी गुड़ा गांव के पास की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
यह हादसा नही हत्या है
मृतक कांग्रेस नेता हेमंत भोयर के परिजनों ने आरोप लगाया था कि यह हादसा नहीं, बल्कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण सुनियोजित तरीके से किया गया हमला है। मृतक के भाई ने कहा, “कौशिक पंचायत चुनाव के बाद से हेमंत को निशाना बना रहा था और उसे धमकी भी दे चुका था शुक्रवार को मौका मिलते ही अपनी कार से टक्कर मारकर उसने हेमंत की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि मुलमुला गांव के पंच और यूथ कांग्रेस नेता हेमंत भोयर (30) अपनी भाभी चम्पी के साथ बाजार जा रहे थे, तभी आरोपी बीजेपी नेता पुरेंद्र कौशिक ने अपनी कार से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हेमंत भोयर की भाभी चम्पी जो कि ग्राम पंचायत मुलमुला की सरपंच हैं, उसने हाल के पंचायत चुनाव में कौशिक को हराया था।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद हत्या का मामला दर्ज
शुक्रवार रात को हेमंत के रिश्तेदारों और कांग्रेस समर्थकों ने स्थानीय पुलिस थाने के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर कौशिक की गिरफ्तारी की मांग की थी। कांग्रेस के नेताओं ने जिला अस्पताल के बाहर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर मृतक का शव रखकर धरना दिया। और दावा किया कि हेमंत की सुनियोजित ढंग से हत्या की गई है। पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया, और कहा कि कौशिक ने हेमंत की हत्या की है, और सरपंच को घायल किया है। स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तीव्र विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।






