
NNH कांकेर/ 31 मार्च 2026 को बस्तर से माओवाद-नक्सलवाद समाप्त होने की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग के कांकेर जिले से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यहां जिले के छोटेबेठिया परतापुर थाना क्षेत्र के माचपल्ली, आरामझोरा व हिडूर के घने जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पांच लाख की इनामी नक्सली ढेर हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान माचपल्ली क्षेत्र में मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ के बाद तलाशी में सुरक्षा बलों को एक महिला माओवादी का शव मिला है, जिसकी पहचान कर ली गई है, जिसका नाम एसीएम कमांडर रूपी है। बताया जा रहा है कि रूपी डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, और 2025 में हुई एक मुठभेड़ में विजय रेड्डी की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, वह बस्तर क्षेत्र की आखिरी तेलुगू महिला माओवादी कैडर थी।
घटनास्थल से एक पिस्टल, गोला बारूद और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य माओवादियों की तलाश की जा रही है। वहीं इस मुठभेड़ के बाद बस्तर आईजी सुंदराजन पी. बचे हुए माओवादियों से सरेंडर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।







