छत्तीसगढ़नगरीय निकाय चुनाव 2025

बीजेपी से किसके भाग्य में है रायपुर मेयर की टिकट

मीनल, सीमा, विश्वदिनी, सरिता सहित अन्य दावेदारों की है लम्बी फेहरिस्त

NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम के महापौर और वार्ड पार्षदों के प्रत्याशियों के लिए भारतीय जनता पार्टी में रायशुमारी के लिए वार्ड स्तर पर बैठकें शुरू हो चुकी है। रायपुर के सभी मंडलों में भाजपा के मंडल पदाधिकारियों, शक्तिकेंद्र व बूथ प्रभारियों की आज से बैठकें शुरू हो गई है। एक ओर जहां वार्ड पार्षद की उम्मीदवारी के लिए दावेदारों की लम्बी सूची है, तो वहीं दूसरी तरफ महापौर की टिकट के लिए भाजपा की महिला नेत्रियों ने भी अपनी दावेदारी पेश कर दी है।

रायपुर नगर निगम 2025 के चुनाव में इसबार महापौर के लिए जैसे ही महिला अनारक्षित की लॉटरी निकली उससे भाजपा में महिला नेत्रियों ने अपनी टिकट के लिए लॉबिंग शुरू कर दी है।

महिला आरक्षित होने के बाद रायपुर नगर निगम की निवृतमान नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष के रूप में मीनल काफी सक्रिय रही, इस नाते नगर निगम की सामान्य सभा में मुखरता से मुद्दों को उठती रही हैं। मीनल चौबे लगातार पार्षद चुनी जाती रहीं हैं, इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष और फिर प्रदेश महामंत्री के पद पर रह चुकी हैं।

वहीं सीमा संतोष साहू ने भी दावेदारी की है। सीमा साहू 2009 में रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड से पहली बार पार्षद चुनी गई थीं, वर्तमान में भी इसी वार्ड की निवृतमान पार्षद हैं। सीमा साहू भाजपा रायपुर जिला इकाई में मंत्री रह चकी हैं, और वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं। रायपुर में पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की संख्या अधिक है, उस लिहाज से उनके नाम पर भी गम्भीरता से विचार किया जा सकता है।

महिला महापौर के लिए दावेदारों में रानी लक्ष्मीबाई वार्ड की निवृतमान पार्षद विश्वदिनी पांडेय भी शामिल हैं। विश्वदिनी पेशे से अधिवक्ता हैं, और उन्हें कट्टर हिंदूत्ववादी नेत्री के रूप में जाना जाता है। विश्वदिनी हिंदुत्व के मुद्दे पर लगातार मुखर रही हैं। जिस तरह से महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में “बटेंगे तो कटेंगे” के नारे के साथ बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। यदि रायपुर नगर निगम में उसी पैटर्न पर बीजेपी चुनाव लड़ती है तो हिंदुत्ववादी छवि के कारण विश्वदिनी पांडे को भी मौका मिल सकता है, ऐसा माना जा रहा कि विश्वदिनी पांडेय को संघ का भी समर्थन प्राप्त है।

इसके अलावा ब्राह्मण पारा वार्ड की निवृतमान पार्षद सरिता आकाश दुबे ने भी दावेदारी की है, सरिता आकाश दुबे पूर्व मंत्री भाजपा के कद्दावर नेता रायपुर लोकसभा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल की समर्थक मानी जाती है। रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव में ब्राह्मण समाज के नेताओं ने भी बीजेपी से दावेदारी की थी, लेकिन रायपुर के पूर्व सांसद सुनील सोनी जो कि रायपुर के मेयर भी रह चुके हैं उन्हें टिकट दी गई थी। और दक्षिण विधानसभा के अंतर्गत सुंदरनगर, ब्राह्मण पारा, कंकाली पारा, पुरानी बस्ती में बड़ी संख्या में ब्राह्मण मतदाता हैं, जहां सरिता आकाश दुबे उपचुनाव में बेहद सक्रिय थी।

इनके अलावा भाजपा से ब्राह्मण समाज की महिला नेत्रियों सहित अन्य महिला नेत्रियों व कार्यकर्ताओं ने भी अपनी अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है, अब देखना होगा कि राजधानी रायपुर नगर निगम के मेयर की टिकट किसके भाग्य में है।

Back to top button