भाजपा का दावा जिला पंचायतों के अब तक घोषित 160 परिणामों में भाजपा ने 98 सीटें जीतीं, 17 भाजपा समर्थित निर्दलीय भी जीते
कांग्रेस ने कहा भाजपा का दावा झूठा पंचायत चुनावों के पहले चरण में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त

पंचायत चुनावों में शानदार जीत भाजपा के प्रति अगाध जन-विश्वास की मुखर अभिव्यक्ति : सौरभ सिंह
NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के परिणाम आगे के बाद भाजपा और कांग्रेस अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। एक तरफ भाजपा की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समिति के संयोजक ने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है, तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आंनद शुक्ला ने राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा है कि भाजपा का दावा झूठा है।
भारतीय जनता पार्टी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश संयोजक सौरभ सिंह ने पंचायत चुनवों के प्रथम चरण के मतदान के बाद सामने आ रहे परिणामों को पार्टी के विश्वास के अनुरूप बताते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में भी पार्टी को पूरे प्रदेश में जनता जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जन कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों से जनता में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है और ये नतीजे उसी विश्वास की मुखर अभिव्यक्ति हैं।
भाजपा पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश संयोजक सौरभ सिंह ने कहा कि प्रथम दौर के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अभी तक जो आँकड़े उपलब्ध हुए हैं, उनमें 160 जिला पंचायत की सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के 108 और भाजपा समर्थित 17 निर्दलीय (कुल 125) प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं। अन्य क्षेत्रों में अभी मतगणना का कार्य चल रहा है और उनमें भी हम भारी बहुमत से जीतेंगे। प्रदेश की 33 जिला पंचायतों में से 14 जिला पंचायतों में तो कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत पाया है। बस्तर के नारायणपुर जिला पंचायत के सभी 9 क्षेत्रों में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। इसी प्रकार भाजपा के कवर्धा के सभी 6, खैरागढ़ के सभी 5, कोण्डागाँव के सभी 4, मुंगेली के सभी 4, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सभी 4 जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। बलौदाबाजार के 6 में से 5, जांजगीर-चाँपा के 6 में से 4, बलरामपुर के 6 में से 4, सक्ती के 4 में से 3, रायगढ़ के 6 में से 5 और बालोद के 5 में से 3 क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। इन सभी जिलों के साथ-साथ गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही तथा कोरबा में कांग्रेस शून्य पर है और उसका एक भी उम्मीदवार नहीं जीता है। इनके अलावा शेष जिलों में भी कांग्रेस को इक्का-दुक्का सीटों पर ही जीत मिल सकी है।
सौरभ सिंह ने आगे कहा कि बहुत बड़ी संख्या में जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों और सरपंच के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी और हमारे कार्यकर्ता जीतकर आए हैं। हाल ही नगरीय निकायों के नतीजों के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारतीय जनता पार्टी की लहर चल रही है और कांग्रेस लगातार पाँचवीं बड़ी हार की ओर बढ़ रही है। श्री सिंह ने कहा कि साय-सरकार के कार्यकाल में मोदी की गारंटी पूरी हुई, उसका सुपरिणाम नगरीय निकाय चुनाव में दिखा। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार ने मोदी की गारंटी पूरी की गई, उसका सीधा-सीधा सुपरिणाम भाजपा के पक्ष मैं देखने मिल रहा है।
कांग्रेस के 78 और भाजपा के 69 जिला पंचायत सदस्य चुनाव जीते है कांग्रेस समर्थित 2100 सरपंच और 600 जनपद सदस्य चुनाव जीते…!
पंचायत चुनाव बैलेट से हुआ इसलिये भाजपा पिछड़ गयी…!
वहीं राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि प्रदेश भर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के प्रथम चरण में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत के सदस्य अधिक संख्या में चुनाव जीत कर आये है। पूरे प्रदेश के जिला पंचायतों में प्रथम चरण के 149 क्षेत्रों में कांग्रेस के 78 समर्थित चुनाव जीत कर आये है। 69 कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार तथा 9 कांग्रेस समर्थित है, जबकि भाजपा के मात्र 66 सदस्य ही चुनाव जीत पाये है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा झूठा दावा कर रही है कि पंचायतों में उसके ज्यादा लोग चुनाव जीतकर आये है, जबकि हकीकत यह है पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली हुई है। कांग्रेस के प्रथम चरण में भाजपा से 12 सदस्य ज्यादा चुनाव जीते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पंच, सरपंचों और जनपदों में भी कांग्रेस समर्थित अधिक लोग चुनाव जीतकर आये है। प्रदेश भर में प्रथम चरण में 3605 सरपंचों में 2100 से अधिक सरपंच कांग्रेस समर्थित चुनाव जीते है। जनपद पंचायतों में भी 911 में से 600 से अधिक जनपद सदस्य कांग्रेस के चुनाव जीते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पंचायत चुनाव ईवीएम से नहीं हुआ बैलेट पेपर से हुआ। अतः भाजपा यहां बेईमानी नहीं कर पायी। उसे मुंह की खानी पड़ी। देश में जो भी चुनाव बैलेट से होगा भाजपा की उसमें हार तय है।
पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, महेन्द्र छाबड़ा, अजय साहू, मणी वैष्णव, सोमेन चटर्जी, परवेज अहमद उपस्थित थे।







