
NNH रायपुर/ रायपुर की महापौर मीनल चौबे के बेटे मेहुल चौबे का 28 फरवरी को जन्मदिन था, और जन्मदिन पर मेहुल ने दोस्तों के साथ चंगोराभाठा के बीच सड़क पर आतिशबाजी कर केक काटकर जन्मदिन मनाया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अब इसपर नया विवाद सामने आ गया है। विवाद बढ़ता देख मेयर मीनल चौबे ने माफी मांग ली है।

“मीनल चौबे ने कहा मैं जनसेवा के लिए आई हूं, मेरे और मेरे परिवार के कारण कोई भी असुविधा हुई है तो मैं उसके लिए माफी मांगती हूँ।”

“वहीं इस मामले को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि राजा हो या रंक, नियम सभी के लिए समान हैं। पुलिस को इस मामले में भी संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।”
गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने निर्देश दिए थे कि बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी मनाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। जिसके बाद सुंदर नगर चौक पर सरेराह रायपुर जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष को जन्मदिन मानते हुए गिरफ्तार कर प्रतिबन्धात्मक कार्रवाई की गई थी। अब मेयर मीनल चौबे के बेटे मेहुल का भी इसी तरह का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
इधर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति सड़क जाम करके निजी आयोजन करता है, तो उसके खिलाफ एंटी-एन्क्रोचमेंट एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट, नगर पालिका अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जाएगी।






