अंतरराष्ट्रीयउद्योगकारोबारपीएसयूवित्त मंत्रालयशेयर बाजार

ट्रम्प टैरिफ से बाजार में भारी गिरावट, उद्योग मंत्रालय एक्सपोर्टर्स के साथ कर सकता है बैठक

NNH नई दिल्ली/ अमेरिकी टैरिफ की घोषणा का असर सीधे तौर पर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है। यही कारण रहा कि सोमवार को सेंसेक्स करीब 4000 अंकों की गिरावट के साथ 71,449.94 पर खुला, जबकि शुक्रवार को यह 75,364.69 पर बंद हुआ था। दोपहर 12:30 बजे सेंसेक्स 3226.19 अंक यानी 4.28प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,138.50 पर था। इसी प्रकार, निफ्टी-50 भी 1000 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ 21,758.40 पर खुला। शुक्रवार को इसका बंद स्तर 22,904 था, जो दोपहर 12:30 बजे तक गिरकर 21,856.95 पर पहुंच गया — यानी 4.57प्रतिशत की बड़ी गिरावट। अब इस मामले में सभी की निगाहें बुधवार को संभावित बैठक पर टिक गई हैं।

अमेरिका के ट्रंप टैरिफ लगाए जाने के बाद भारतीय बाजारों में मचे उथल-पुथल को देखते हुए केंद्र सरकार एक्शन मोड में आ गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय, उद्योग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच इस मुद्दे पर लगातार बातचीत चल रही हैं। इस बातचीत को अंतिम रुप देने के लिए मोदी सरकार बुधवार को एक अहम बैठक आयोजित करने जा रही है।
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि उद्योग मंत्रालय द्वारा एक्सपोर्टर्स के साथ बैठक की संभावना है, जिसमें टैरिफ के असर और निर्यात को बचाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर गहन विचार-विमर्श हो सकता है। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही एक्सपोर्ट प्रमोशन स्कीम को लागू कर सकती है, जिसका एलान बजट में किया गया था। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनियां के अनेक देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ (प्रतिस्पर्धी शुल्क) लगाने की घोषणा की थी, जिसमें भारत भी शामिल है। इसके जवाब में केंद्र सरकार ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है। इस समिति में चार अन्य मंत्रियों को भी शामिल किया गया है, जो टैरिफ के भारतीय बाजारों पर प्रभाव और उससे निपटने के उपायों पर काम करेगी।
यहां बताते चलें कि ट्रंप प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर 26 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया है, जिससे भारतीय निर्यातकों को भारी नुकसान की आशंका है। समिति इस टैरिफ को कम करने के संभावित विकल्पों पर भी विचार करेगी।

Back to top button