छत्तीसगढ़देश/प्रदेशराजनीति

डीजल, पेट्रोल पर कंपनी 16 रू. मोदी सरकार को 37 रू. मुनाफा हो रहा, सरकार जनता को नहीं दे रही है राहत

NNH रायपुर/ केंद्र सरकार के संरक्षण में तेल कंपनियां जनता को लूट रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम के अनुपात में भारत में जिस रेट में पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है पेट्रोलियम कंपनियां डीजल और पेट्रोल पर 16 रू. प्रति लीटर से अधिक का मुनाफा कमा रही है, मोदी सरकार 37 रू. का टैक्स ले रही है। और ये दुर्भाग्यजनक है कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल पर मुनाफा कम करके आम आदमी को राहत नही दे रही है। पांच साल में मोदी सरकार ने 35 लाख करोड़ पेट्रोल, डीजल पर टैक्स वसूला है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एक तरफ जहां क्रूड ऑयल अंतरराष्ट्रीय मार्केट में ऐतिहासिक तौर पर न्यूनतम स्तर में आ गया है, दूसरी तरफ मोदी सरकार सेंट्रल एक्साइज में 2 रुपए की बढ़ोतरी करके जनता की जेब हल्की कर अपनी तिजोरी भरने में लगी है। पिछले कुछ दिनों में अंतराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 16 परसेंट घटा है लेकिन डीजल, पेट्रोल के दाम कम होने के बजाए बढ़ ही रहे हैं। अंतराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड ऑयल 65 डॉलर प्रति बैरल के न्यूनतम रिकॉर्ड के आसपास है जो 2014 की तुलना में लगभग आधा है लेकिन इसका लाभ जनता को नहीं देकर केंद्र की मोदी सरकार और तेल कंपनियां अपने जेब में डाल रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम में अचानक 50 रुपए की वृद्धि आम जनता के प्रति अन्याय है। उज्ज्वला योजना के नाम पर ढोल पीटने वाली मोदी सरकार ने गरीब जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। केंद्र सरकार के द्वारा रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि उज्ज्वला के हितग्राही और सामान्य उपभोक्ताओं दोनों के ऊपर यह अनुचित बढ़ोतरी लागू होगी। मोदी निर्मित महंगाई के चलते उज्ज्वला के 90 प्रतिशत हितग्राही दोबारा अपने गैस सिलेंडर को रिफिल करने की स्थिति में नहीं थे, अब 50 रुपए प्रति सिलेंडर की भारी भरकम बढ़ोतरी से बचे खुचे उज्ज्वला हितग्राही अपना सिलेंडर कैसे रिफिल करा पाएंगे ?

Back to top button