बिलासपुर में हिंदू छात्रों से जबरदस्ती पढ़ाई गई नमाज

NNH बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के हिंदू छात्रों से जबरदस्ती नमाज पढ़ाने का मामला सामने आया है। हिंदू छात्रों ने कल 14 अप्रैल को कोनी पुलिस थाने में NSS कोऑर्डिनेटर और प्रोग्राम ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि वो उन्हें राष्ट्रीय सेवा योजना “NSS” के कैंप में जबरदस्ती नमाज पढ़ने पर मजबूर किया गया है।
विश्वविद्यालय के हिंदू छात्रों ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि 26 मार्च से 1 अप्रैल तक NSS का कैंप आयोजित किया गया था, जहां इस कैंप में केवल 4 छात्र मुस्लिम थे, जबकि बाकी सभी छात्र हिंदू थे। और 30 मार्च को ईद के दिन मुस्लिस छात्रों के साथ-साथ हिंदू छात्रों को भी जबरदस्ती नमाज पढ़वाई गई। हिंदू छात्रों ने इसका विरोध किया, तो उनको डराया गया और जबरदस्ती नमाज अदा करने मजबूर किया गया।

हिंदू छात्रों ने अपनी शिकायत में जानकारी देते हुए बताया कि कोऑर्डिनेटर ने चारों मुस्लिम छात्रों को मंच पर नमाज अदा करने बुलाया और बाकी छात्रों को आदेश दिया कि उन्हें देखकर नमाज अदा करने की प्रक्रिया दोहराएं और सीखें। छात्रों ने यह भी बताया कि इस दौरान NSS कैंप के छात्रों का मोबाइल जमा करा लिया गया था, इसीलिए घटना का कोई वीडियो या फोटो नहीं किया जा सका है। इस मामले में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुछ हिंदू छात्रों की शिकायत पर कोनी पुलिस जांच कर रही है।







