छत्तीसगढ़ चैम्बर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का आज पदभार ग्रहण समारोह
"व्यापारियों में है कहीं खुशी कहीं गम का माहौल"

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। सतीश थौरानी प्रदेश अध्यक्ष, और अजय भसीन प्रदेश महामंत्री निर्विरोध चुने गए हैं। प्रदेश में दो जिलों में महासमुंद और रायगढ़ में चुनाव कराया गया था, जहां पर व्यापारी एकता पैनल के पदाधिकारी चुने गए हैं।
छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का राजधानी रायपुर में आज पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। लेकिन चैम्बर की राजनीति करने वाले कुछ लोगों में अब भी मायूसी है। क्योंकि चुनाव की घोषणा होने के बाद अमर पारवानी अध्यक्ष, अजय भसीन महामंत्री और उत्तम गोलछा कोषाध्यक्ष पद के लिए जय व्यापार पैनल से उम्मीदवार घोषित किए गए थे। इसी बीच चैम्बर की राजनीति में अचानक तब भूचाल आ गया जब जय व्यापार पैनल से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अमर पारवानी चुनाव लड़ने से पीछे हट गए, उसके बाद व्यापारी एकता पैनल के सतीश थौरानी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष बनाने की मुहिम शुरू हो गई, जिससे जय व्यापार पैनल और अमर पारवानी के समर्थक निराश हो गए और चैम्बर में राजनैतिक हस्तक्षेप का आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया था। इसी बीच व्यापारी एकता पैनल से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सतीश थौरानी ने चौंकाते हुए जय व्यापार पैनल का दामन थाम लिया, और सर्वसम्मति से वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। जबकि अमर पारवानी के पीछे हटने के बाद अजय भसीन को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी थी, लेकिन जय व्यापार पैनल में थौरानी के आने से अजय भसीन अध्यक्ष बनने से रह गए, और उन्हें एकबार पुनः प्रदेश महामंत्री पद से ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा जय व्यापार पैनल से कोषाध्यक्ष पद के लिए उत्तम गोलछा की बजाय निकेश बरड़िया का चयन कर लिया गया, तथा वे भी निर्विरोध पदाधिकारी चुन लिए गए।
व्यापारियों के इस चुनाव में बदलते घटनाक्रम से चैम्बर में वर्षों से सक्रिय व्यापारी नेताओं ने खुद को चैम्बर की राजनीति से अलग करने की घोषणा कर दी, जिसके बाद जय व्यापार पैनल के समर्थक भी लगभग निष्क्रिय हो गए थे। और बदलते घटनाक्रम से चैम्बर चुनाव में राजनैतिक हस्तक्षेप के भी आरोप लगते रहे, इसके साथ ही चुनाव की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी थी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स में बीजेपी से जुड़े नेताओं का वर्चस्व रहा है, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी चैम्बर में लम्बे समय तक अध्यक्ष रह चुके हैं, उसके बाद सुंदरानी के ही समर्थक रहे अमर पारवानी को अध्यक्ष चुना गया था। लेकिन सुंदरानी और पारवानी के बीच अलगाव हो गया। फिर अगला चुनाव अमर पारवानी ने सुंदरानी के पैनल से अलग होकर जय व्यापार पैनल से चुनाव लड़ा, और शानदार जीत हासिल की। इस चुनाव में भी जय व्यापार पैनल मजबूत स्थिति में था, लेकिन अमर पारवानी के द्वारा चुनाव से पीछे हटने के बाद व्यापारी एकता पैनल के उम्मीदवार सतीश थौरानी जय व्यापार पैनल में शामिल हो गए, और निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। अब लगभग सभी पदाधिकारियों की घोषणा भी हो चुकी है। यहां गौर करने वाली बात ये है कि सतीश थौरानी जय व्यापार पैनल से अध्यक्ष जरूर चुन लिए गए हैं, लेकिन जीत का जश्न श्रीचंद सुंदरानी के नेतृत्व वाले व्यापारी एकता पैनल के समर्थक मना रहे हैं। चैम्बर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का आज 20 अप्रैल को राजधानी रायपुर में भव्य पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है, लेकिन उसके बाद भी व्यापारियों में कहीं खुशी कहीं गम का माहौल है।







