खास खबरभारत सरकार

Pahalgam Terror Attack: पीएम मोदी ने सेना को दी खुली छूट, कहा- कार्रवाई का टाइम और टारगेट तय करें

NNH नई दिल्ली/ जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश है और मोदी सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह चुके हैं कि भारत की आत्मा पर हमला करने वालों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा, इसके बाद से पूरे देश को आतंकवादियों और उनके आकाओं के खिलाफ कड़े एक्शन का इंतजार है। इस बीच मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री आवास पर एक हाई लेवल मीटिंग हुई, पीएम मोदी के अगुवाई में हुई इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी शामिल थे।

इस बैठक में प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में निर्देश दिया है कि आतंकवाद को करारा जवाब देना हमारा दृढ़ राष्ट्रीय संकल्प है। पीएम मोदी ने भारतीय सैन्य बलों की क्षमताओं पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया, और इसके साथ-साथ कहा कि हमारी जवाबी कार्रवाई का तरीका क्या हो, इसके टार्गेट्स कौन से हों और इसका समय क्या हो, इस प्रकार के ऑपरेशनल निर्णय लेने के लिए देश की सेना को खुली छूट है।

वहीं पहलगाम आतंकी हमले के बाद मंगलवार को गृह मंत्रालय में भी एक बैठक हुई, जहां इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक होगी, इसके अलावा, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक भी आज ही प्रस्तावित है। सीसीएस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल होंगे।

इससे पहले पहलगाम हमले के अगले दिन 23 अप्रेल को सीसीएस की बैठक हुई थी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए गए थे। भारत सरकार ने सिंधु जल संधि को रद्द करने के साथ ही पाकिस्तानी नागरिकों को भी 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का आदेश दिया गया था। बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया था कि अगर तय समय सीमा में पाकिस्तानी नागरिकों ने देश नहीं छोड़ा, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button