क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

कमल विहार में कॉलोनी के अध्यक्ष पर हमला करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कहा बड़े बड़े सपने दिखाकर बसाई कॉलोनी, लेकिन न कोई सुरक्षा है, न कोई सुविधा

NNH रायपुर/ कमल विहार जिसे अब कौशल्या विहार के नाम से जाना जाता है, के निवासियों की समिति के अध्यक्ष डॉ सुजीत परिहार पर एक युवक ने प्राणघातक हमला कर दिया, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट आई है, कॉलोनी वासियों ने डॉ परिहार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं हमलावार युवक की पहचान कर ली गई है, जिसका नाम मोहन यादव बताया गया है। पुलिस ने हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार कर आज कौशल्या विहार में उसका जुलूस निकाला है।

रविवार की दोपहर कोई तीन बजे हुई है। कॉलोनी के निवासी तब सकते में आ गए जब डॉ परिहार को उन्होंने चेहरे से खून से लथपथ कॉलोनी के वाट्सअप ग्रुप में मदद के लिए गुहार लगाते हुए देखा।


कॉलोनी के वरिष्ठ एवं सामाजिक रूप से सक्रिय बालमुकुंद शर्मा ने बताया कि दरअसल डॉ परिहार हमारी कॉलोनी विकास समिति की सतत सक्रिय अध्यक्ष है। वे रविवार की दोपहर अपने घर जा रहे थे तब उन्होंने एक युवक युवती को आपत्तिजनक स्थिति में देखा और उनसे कहा कि कौन हो तुम लोग और ये सब क्या गलत हरकत कर रहे हो ? उनका इतना कहना था कि युवक उनसे यह कहते हुए उलझ पड़ा कि तुम मुझे जानते नहीं और फिर उसने पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। डॉ परिहार को लुहलुहान हालत में देख युवक युवती बाइक से फरार हो गए। कॉलोनी के लोग भागते हुए घटना स्थल पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं हमलावर की पहचान हो गई है, उसका नाम मोहन यादव बताया गया है। कॉलोनी के वासी इस घटना से आक्रोशित है। उनका कहना है कि राज्य सरकार ने बड़े बड़े सपने दिखाकर ये कॉलोनी बसाई है, लेकिन न तो यहां मूलभूत सुविधा की ओर ध्यान दिया जा रहा है और न ही सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कॉलोनी वासियों ने अनेकों बार इस इलाके में थाना खोलने और नियमित पेटोलिंग की मांग की है, किन्तु कोई इस मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि जल्द कोई ठोस कार्यवाही नही हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते है।

Back to top button