असिस्टेंट कमिश्नर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, पीड़िता ने बताया शादी का झांसा देकर करता रहा रेप, तीन बार कराया गर्भपात

NNH जगदलपुर/ बीजापुर पदस्थ ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त आनंदजी सिंह के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया है। दंतेवाड़ा जिला में रहने वाली महिला ने सहायक आयुक्त पर शादी का झांसा देकर 7 सालों तक दैहिक शोषण और तीन बार गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के आरोप के बाद दंतेवाड़ा पुलिस ने सहायक आयुक्त के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा जिला के गीदम थाना में पीड़ित महिला ने दंतेवाड़ा में पदस्थ रहे सहायक आयुक्त आनंदजी सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह शादीशुदा है, और उसके पति के साथ पारिवारिक विवाद के कारण उनके संबंध अच्छे नही रहे, दोनों पति पत्नी के बीच तलाक की प्रक्रिया भी चल रही थी। इसी बीच साल 2018 में महिला की मुलाकात दंतेवाड़ा में पदस्थ सहायक आयुक्त आनंदजी सिंह से हुई थी।

असिस्टेंट कमिश्नर, आंनदजी सिंह
दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई, और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला ने आरोप लगाते हुए बताया है कि आनंदजी सिंह शादीशुदा होने के बाद भी उसके साथ शादी करने का वादा कर पिछले 7 सालों से वह उसका दैहिक शोषण करता रहा। इस दौरान महिला के तीन बार प्रेग्नेंट होने पर सहायक आयुक्त ने उसका गर्भपात भी करा दिया। महिला ने जानकारी दी कि सहायक आयुक्त आनंदजी का दंतेवाड़ा से बीजापुर तबादला हो गया, और जब भी वो आनंदजी से शादी की बात की, तो सहायक आयुक्त ने शादी करने से साफ मना कर दिया। जिसके बाद महिला ने इस मामले की रिपोर्ट गीदम थाने में दर्ज करायी है।
वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर बीजापुर ट्राइबल विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त आनंदजी सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद उनसे लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नंबर बंद है।







